ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीतरक्की का हमसफर बनें महिलाएं: सीएम

तरक्की का हमसफर बनें महिलाएं: सीएम

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि भारत ही एक ऐसा देश है, जहां देवी की पूजा होती है। प्राचीन काल से ही नारी पूजनीय है। हाल के वर्षों में विकृतियां आई हैं, जिसका परिणाम हम सभी देख रहे हैं। सभ्य समाज...

तरक्की का हमसफर बनें महिलाएं: सीएम
हिन्दुस्तान टीम,रांचीFri, 09 Mar 2018 01:40 AM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि भारत ही एक ऐसा देश है, जहां देवी की पूजा होती है। प्राचीन काल से ही नारी पूजनीय है। हाल के वर्षों में विकृतियां आई हैं, जिसका परिणाम हम सभी देख रहे हैं। सभ्य समाज में शोषण का स्थान नहीं है। शासन महिलाओं को सशक्तीकरण और सम्मान देने का काम कर रहा है, लेकिन लोगों को सोच में बदलाव लाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री गुरुवार को रांची के हरमू मैदान में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित सम्मेलन में बोल रहे थे।

मोर्चा महिलाओं को जोड़े : मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला सशक्तीकरण की दिशा में काम कर रही है। कई तरह की योजनाएं शुरू की हैं। एक रुपये में संपत्ति रजिस्ट्री के तहत अब 80 फीसदी संपत्ति महिलाओं के नाम हो रहा है। सरकारी नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है। सखी मंडल के जरिए महिलाओं को रोजगार से जोड़ कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। महिला मोर्चा की एक-एक बहनें कम से कम 10-10 बहनों को अपने साथ जोड़ें। सखी मंडल बनवाकर उनके जीवन में बदलाव लाने का काम करें।

मोर्चा तैयार करे डायरेक्ट्री : रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि देश तभी आगे बढ़ेगा, जब महिलाएं आगे बढ़ेंगी। इसी तरह झारखंड भी तभी आगे बढ़ेगा, जब महिलाएं आगे बढ़ेगी। राज्य की महिलाएं मेहनती हैं। 20 दिन में 1.70 लाख शौचालय निर्माण कर देश में नाम रौशन किया है। वह हर क्षेत्र में काम कर रही हैं। खास कर मुस्लिम बहनें बहुत ही हुनरमंद हैं। सरकार सखी मंडल के जरिए नैपकीन, मधु, लाह, अंडा और दूध आदि का उत्पादन कराकर खरीदेगी। इसके लिए योजनाएं बनी हैं और काम शुरू हो गया है। महिला मोर्चा और महिला आयोग मिल कर एक डायरेक्ट्री तैयार करे। जिसमें सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र हो। महिलाओं को कहां-कहां किस क्षेत्र में कैसे नौकरी मिल सकता है, इस बारे में सारी जानकारी हो। इस डायरेक्ट्री को जिला और मंडल स्तर तक ले कर जाएं और महिलाओं को बताएं। 21वीं सदी भारत की सदी और महिलाओं की सदी हो इसका प्रयास करें।

बेटा और बेटी में नहीं करें अंतर

महिला मोर्चा के कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि बेटा और बेटी में अंतर नहीं करें। दोनों को समान रूप से शिक्षा दें। केवल महिला दिवस मनाने से कुछ नहीं होगा, मन के अंदर स्वभाव को बदलें। महिलाओं को सम्मान दें। भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि आज के दिन समाज में व्याप्त कुरितियों और बुराइयों को समाज से दूर करने का प्रण लें। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महीला सशक्तीकरण के लिए उठाए जा रहे कदम की सराहना की। भाजपा संगठन महामंत्री धर्मपाल ने कहा कि महिला मोर्चा को मंडल तक विस्तार करने और बूथ स्तर पर महिला सदस्यों को बनाने की अपील की। महामंत्री दीपक प्रकाश, महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह समेत मोर्चा के अन्य पदाधिकारियों ने बी अपना विचार रखा। इस मौके पर मोर्चा की काजल प्रधान, उषा पांडेय, प्रिया सिंह, आरती कुजूर समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थीं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें