लोकतंत्र की सारथी बनीं महिलाएं

Feb 23, 2026 09:12 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

रांची में नगर निकाय चुनाव के दौरान महिलाओं ने मतदान प्रक्रिया में पुरुषों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। सुबह से ही बूथों पर लंबी कतारें लग गईं। महिलाओं ने अपने घरेलू कामकाज के बावजूद लोकतंत्र के महापर्व को प्राथमिकता दी। क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए सही जनप्रतिनिधि चुनने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

लोकतंत्र की सारथी बनीं महिलाएं

रांची, संवाददाता। राजधानी में नगर निकाय चुनाव के दौरान लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत तस्वीर उभरकर सामने आई। शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आधी आबादी ने न केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, बल्कि मतदान की पूरी प्रक्रिया में पुरुषों के मुकाबले कहीं अधिक उत्साह दिखाया। सुबह की पहली किरण के साथ ही बूथों पर महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। कई केंद्रों पर तो पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या काफी अधिक देखी गई, जो शहरी सरकार को चुनने में उनकी बढ़ती जागरूकता और सक्रियता का स्पष्ट संकेत है। महापर्व को सर्वोच्च प्राथमिकता मतदान के पैटर्न में एक दिलचस्प घरेलू प्रबंधन का तालमेल भी दिखा।

सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच बूथों पर महिलाओं की भीड़ में थोड़ी कमी आई, क्योंकि इस दौरान वे अपने दैनिक घरेलू कामकाज और परिवार की जिम्मेदारियों को निपटाने में व्यस्त रहीं। लेकिन दोपहर के बाद उत्साह की रफ्तार फिर से तेज हो गई। घर और परिवार की दोहरी जिम्मेदारी के बीच भी उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। कतारों में खड़ी महिलाओं के चेहरों पर थकान के बजाय अपने अधिकार के प्रयोग की चमक और शहर के विकास की एक नई उम्मीद साफ झलक रही थी। :: कोट :: क्षेत्र के विकास और बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए सही जनप्रतिनिधि चुनना जरूरी है, क्योंकि पार्षद ही स्थानीय मुद्दों को सुलझाते हैं। -डॉ. रोशनी सिंह वार्ड के विकास के लिए पार्षद का चुनाव महत्वपूर्ण है। एक-एक वोट से हार-जीत तय होती है, इसलिए मैं बदलाव के लिए वोट देने पहुंची हूं। -आरती सिन्हा इलाके की पुरानी समस्याओं से लोग परेशान हैं। मैं इस उम्मीद के साथ आई हूं कि नया जनप्रतिनिधि क्षेत्र का विकास सही तरीके से करेगा। - अमृता देवी सड़क और पेयजल जैसी सुविधाओं का अब तक अभाव है। अपने मतदान के जरिए मैं ऐसे प्रतिनिधि को चुनना चाहती हूं जो जन-सुविधाएं सुनिश्चित करे। - नीलम देवी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।