डायन बता मारपीट मामले में दोनों पक्षों में हुआ समझौता
सिल्ली प्रखंड के मारदू गांव में होली के दिन एक महिला को डायन बताकर पिटाई की गई। आरोपी पुका महतो ने गौरी देवी को मारपीट का शिकार बनाया। जेंडर सीआरपी और पंचायत ने मामले में हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। पंचायत ने कुप्रथा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी और इससे निपटने का संकल्प लिया।

सिल्ली, प्रतिनिधि। सिल्ली प्रखंड के मारदू गांव में डायन बताकर एक महिला की पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना होली के दिन की बताई जा रही है। गांव के पुका महतो ने गौरी देवी नामक महिला को डायन कहकर मारपीट कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही जेंडर सीआरपी की टीम ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ गांव पहुंचकर मामले में हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर समझौता कराया। मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन गांव के पुका महतो ने गौरी देवी को डायन बताकर उसकी पिटाई कर दी। आरोपी का कहना था कि उसके बेटे की तबीयत खराब होने के पीछे गौरी देवी का हाथ है।
इसी शक के आधार पर उसने महिला के साथ मारपीट की। घटना के बाद गांव में इस मामले को लेकर तनाव की स्थिति बन गई।जेंडर सीआरपी और पंचायत ने की बैठक:सूचना मिलने के बाद जेंडर सीआरपी की टीम ने गांव पहुंचकर पीड़िता से बातचीत की। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जेंडर सीआरपी सदस्यों ने आरोपी और ग्रामीणों को समझाया कि किसी महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है और इसके लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।कुप्रथा खत्म करने का लिया संकल्प:बैठक के दौरान जेंडर सीआरपी ने आरोपी को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की घटना दोहराई गई तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अंत में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे से ऐसा नहीं करने का आश्वासन दिया। वहीं ग्रामीणों ने भी समाज से डायन प्रथा जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुखिया सोमारी देवी, पंचायत समिति सदस्य भीम महतो, जेंडर सीआरपी मामनी देवी, अजानी देवी, उपासी देवी, किरण देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


