Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsWild Elephant Terror in Rania Villagers Demand Action
रनिया में जंगली हाथियों के आतंक से दहशत में हैं ग्रामीण

रनिया में जंगली हाथियों के आतंक से दहशत में हैं ग्रामीण

संक्षेप:

रनिया थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ रहा है। हाल ही में रंगरोड़ी गांव में एक हाथी ने घर को नुकसान पहुंचाया। गांववाले भयभीत हैं और वन विभाग से मदद की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिना ठोस कदम के भविष्य में जानलेवा घटनाएं हो सकती हैं।

Jan 08, 2026 07:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रनिया, प्रतिनिधि। रनिया थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार की रात करीब बारह बजे एक जंगली हाथी ने थाना क्षेत्र के रंगरोड़ी गांव में धावा बोलकर भारी उत्पात मचाया। हाथी ने गांव निवासी जसिंता तोपनो के घर को निशाना बनाते हुए घर की दीवार को तोड़ दिया और भीतर रखे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाया। घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। अचानक तेज आवाज होने पर उनकी नींद खुली। जब वे घबराकर बाहर निकले तो घर के बगल में विशालकाय जंगली हाथी को देखकर भयभीत हो गए। परिजनों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर शोर मचाया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मशाल, आवाज और अन्य तरीकों से हाथी को गांव से बाहर खदेड़ने में सफल रहे। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से जान-माल का खतरा बना हुआ है। रात के समय लोग घरों में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जंगली हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ी और जानलेवा घटनाएं हो सकती हैं। सरकार और संबंधित विभाग की भूमिका को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है।