मुरहू में तीन दिनों से जलापूर्ति ठप, रमजान में बढ़ी लोगों की परेशानी
मुरहू में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति योजना ठप है, जिससे विभिन्न मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया है। पानी की कमी के कारण लोग दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। बिजली पोल गाड़ने के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, और प्रशासन द्वारा अब तक मरम्मत नहीं की गई है। रमजान में यह समस्या और बढ़ गई है।

मुरहू, प्रतिनिधि। मुरहू में विगत तीन दिनों से जलापूर्ति योजना ठप रहने के कारण विभिन्न मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया है। गुरमी, करंजटोली, कोड़ाकेल, डुडरी, मुरहू चौक और मस्जिद मुहल्ला समेत कई इलाकों के लोग पानी के लिए परेशान हैं। नलों में पानी नहीं आने से लोगों को दूर-दराज से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली पोल गाड़ने के दौरान जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। पाइपलाइन टूटने के बाद अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है, जिसके कारण जलापूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
रमजान के महीने में पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। रोजेदारों को सहरी और इफ्तार के समय विशेष रूप से पानी की आवश्यकता होती है, लेकिन जलापूर्ति ठप रहने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दैनिक जरूरतें सुचारु रूप से पूरी हो सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


