रांची की पांच लाख से अधिक आबादी को नहीं मिला पानी, आज होगी आपूर्ति
रांची में सप्लाई पाइपलाइन और वॉल्व के मरम्मत कार्य के कारण पानी संकट गहरा गया। पांच लाख से अधिक लोग पानी के लिए जूझते रहे। शादी-ब्याह वाले घरों को टैंकर की कमी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि जलापूर्ति रविवार से सामान्य हो जाएगी, लेकिन लोगों को पहले से जानकारी नहीं मिली।

रांची, संवाददाता। सप्लाई पाइपलाइन, वॉल्व सहित अन्य मरम्मत कार्य के चलते शनिवार को राजधानी में पानी संकट गहरा गया। इसके चलते पांच लाख से अधिक की आबादी दिनभर पानी के लिए जूझती रही। कई मुहल्लों में लोग सुबह से शाम तक नल की ओर टकटकी लगाए रहे। लेकिन पानी नहीं मिलने से रोजमर्रा का उनका काम प्रभावित हुआ। मरम्मत कार्य के चलते धुर्वा, हटिया, लटमा, सेक्टर टू, सेक्टर थ्री, पुराना विधानसभा, नया विधानसभा, पुराना व नया हाईकोर्ट, हवाई नगर, हीनू, डोरंडा और नॉर्थ ऑफिस पाड़ा सहित कई बड़े इलाकों में जलापूर्ति नहीं हुई। अचानक सप्लाई रुकने से लोग पानी की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
स्वच्छता प्रमंडल हटिया योजना के अधिकारियों ने कहा कि मरम्मत कार्य की सूचना पहले दे दी गई थी। हालांकि लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें इस तरह की कोई जानकारी नहीं मिली थी। शादी ब्याह वाले घरों के लोग टैंकर के लिए रहे परेशान जलापूर्ति ठप रहने के कारण सबसे ज्यादा परेशान वे परिवार हुए जिनके घरों में शादी-ब्याह का कार्यक्रम था। पानी की भारी जरूरत को देखते हुए लोगों ने टैंकर बुक करने की कोशिश की, लेकिन अचानक डिमांड बढ़ने से टैंकर उपलब्ध नहीं हो पाए। कई लोगों को देर रात तक टैंकर के लिए दौड़भाग करनी पड़ी। उधर, पीने के पानी की किल्लत बढ़ने से बाजार में जार वाटर की बिक्री अचानक बढ़ गई। कई दुकानों में स्टॉक खत्म हो गया, जिससे लोगों को अतिरिक्त दाम पर पानी खरीदना पड़ा। कई लोगों को नहीं मिल सकी जानकारी लोगों ने कहा कि विभाग की ओर से जलापूर्ति बाधित रहने की जानकारी समय पर नहीं दी गई। कई लोग सुबह उठकर जब पानी नहीं आया तब उन्हें पूरे दिन की किल्लत का अंदाजा हुआ। हालांकि, जल सेवा विभाग ने दावा किया कि मरम्मति कार्य को लेकर सूचना साझा कर दी गई थी, लेकिन कई इलाकों तक जानकारी नहीं पहुंच पाई। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, धुर्वा जलाशय से जुड़े मुख्य पाइपलाइन में लीकेज और वाल्व समस्या के कारण बड़े पैमाने पर मरम्मत कार्य किया गया। सुरक्षा कारणों से सप्लाई रोकना जरूरी था। विभाग ने बताया कि आपूर्ति बाधित रहने के दौरान मरम्मति का अधिकांश काम पूरा कर लिया गया है। आज सामान्य हो जाएगी जलापूर्ति अधिकारियों के अनुसार रविवार से सभी प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। साथ ही विभाग ने लोगों से अपील की है कि शुरुआती कुछ समय के लिए को पानी निकलने दें, क्योंकि मरम्मत के बाद पाइपलाइन में जमा अवशेष बहने की संभावना रहती है। पानी संकट से जूझ रहे लोगों ने विभाग से अनुरोध किया है कि भविष्य में ऐसी किसी भी मरम्मति या तकनीकी गड़बड़ी की सूचना समय से दी जाए, ताकि लोग आवश्यक तैयारी कर सकें और अनावश्यक परेशानियों से बच सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


