Ranchi News: एसआईआर: जन्म प्रमाण-पत्र समेत कई दस्तावेजों की हो रही जांच
Ranchi News: खूंटी जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत सभी मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी मो. जावेद हुसैन के नेतृत्व में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने हेतु दस्तावेजों की जांच और दावों का निस्तारण हो रहा है। यह प्रक्रिया 14 अक्टूबर तक चलेगी।

Ranchi News: खूंटी, संवाददाता। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के नेतृत्व में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए नोटिस जारी करने, सुनवाई, दावा-आपत्ति के निस्तारण और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मतदाताओं से प्राप्त दस्तावेजों की जांच निर्धारित प्रावधानों के तहत कर रहे हैं। सत्यापन के दौरान जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, मैट्रिक अथवा अन्य मान्यता प्राप्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, वन अधिकार प्रमाण-पत्र, सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी का पहचान पत्र तथा पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) समेत अन्य निर्धारित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा सरकारी अथवा स्थानीय प्राधिकरण, बैंक, डाकघर, एलआईसी और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) द्वारा जारी प्रमाण-पत्रों का भी नियमानुसार सत्यापन किया जा रहा है。
परिवार रजिस्टर और भूमि आवंटन संबंधी दस्तावेज भी मान्य:
अधिकारियों द्वारा परिवार रजिस्टर और सरकार की ओर से जारी भूमि या मकान आवंटन संबंधी प्रमाण-पत्रों की भी जांच की जा रही है। दस्तावेजों की जांच और सुनवाई के बाद पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा रहे हैं। आवश्यक संशोधन के साथ प्राप्त दावा-आपत्तियों का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया जा रहा है।
14 अक्टूबर तक जारी रहेगी दावा-आपत्ति प्रक्रिया:
एसआईआर के तहत दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इस दौरान मतदाताओं से प्राप्त दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने पर जोर:
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच करने और पात्र नागरिकों के मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।


