बिना मुआवजा सड़क निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध

Nov 06, 2025 08:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

ग्रामीणों ने मुरी-गोला सड़क चौड़ीकरण के दौरान बिना मुआवजा भुगतान के जबरन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आवाज उठाई है। उनका आरोप है कि निर्माण कंपनी द्वारा उनकी ज़मीन, कुएं और पेड़ों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कंपनी को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि काम पहले से अधिग्रहित भूमि पर ही किया जाए।

बिना मुआवजा सड़क निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध

सिल्ली, प्रतिनिधि। मुरी–गोला सड़क चौड़ीकरण के दौरान रैयती जमीन अधिग्रहण और बिना मुआवजा भुगतान किए जबरन निर्माण कार्य किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने आवाज बुलंद कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कंपनी द्वारा जमीन, कुएं, चापाकल और हरे-भरे पेड़ों को नुकसान पहुंचाते हुए जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आपत्ति जताने पर ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है और पुलिस कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। बैठक में कई गांवों के लोग हुए शामिल: इस गंभीर मामले को लेकर पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो गुरुवार को लोदमु आम बगान में पहुंचे और ग्रामीणों के साथ बैठक की।

बैठक में जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, प्रमुख जितेंद्र बड़ाईक, सीओ अरुणिमा एक्का, सिल्ली थाना और मुरी ओपी के पुलिस पदाधिकारी, आजसू नेता जयपाल सिंह, गौतम कृष्ण साहू, सुशील महतो सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं मुरी, सिंगपुर, जामटोला, लोदमु, लोसेरा, बांसारूली, रामपुर, गेड़ेबीर, बनवाडीह, लोवादाग, कुसुमटीकरा, फुल टांड़, कुतरु समेत कई गांवों के ग्रामीण बैठक में शामिल हुए। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि पहले अधिगृहीत जमीन पर ही निर्माण कार्य कराया जाए और नए रैयती भूभाग पर किसी भी तरह का जबरन अधिग्रहण नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद भी कंपनी द्वारा जबरन मिट्टी भराई कर काम जारी रखा गया है और विरोध पर ग्रामीणों को धमकाया जा रहा है। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कंपनी को लगाई फटकार: स्थिति को गंभीर देखते हुए सुदेश महतो ने निर्माण कंपनी के साइट इंचार्ज को फटकार लगाई और निर्देश दिया कि कार्य पूर्व अधिगृहित भूमि पर ही किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सहमति के बिना कार्य होगा तो विरोध जायज है। सुदेश महतो ने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमीन की मापी सुनिश्चित कराई जाए और एक विशेष कमेटी बनाकर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जनता को मिलना चाहिए और विकास कार्य जनता के सहयोग से ही आगे बढ़ेंगे। मौके पर हाकेदाग मुखिया हरिपद मांझी, मुखिया सोमरा मांझी, रामस्वरूप मंडल, निर्मल साहु, रवि साहु, दिनेश महतो, संतोष मंडल, पंचानन साव, अनिल मांझी, गोवर्धन मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।