झारखंड गौवंश हत्या निषेध अधिनियम का सख्ती से हो पालन : विहिप
विश्व हिंदू परिषद झारखंड ने बकरीद पर गोवंश हत्या निषेध अधिनियम का पालन कराने की मांग की है। परिषद के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा, जिसमें गोवंश की तस्करी और हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने और वाहनों की जांच करने का आग्रह किया गया।

रांची, प्रमुख संवाददाता। विश्व हिंदू परिषद झारखंड ने बकरीद के मौके पर गोवंश हत्या निषेध अधिनियम का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। परिषद के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि बकरीद की ओट में कुछ अवांछित तत्व और तस्करों द्वारा सभी जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित गोवंश की तस्करी और उनकी हत्या की आशंका है। प्रतिबंधित गोवंश वध झारखंड गोवंश हत्या निषेध अधिनियम 2005 की धाराओं का उल्लंघन है। इस अधिनियम में झारखंड में गोवंश का वध, मांस-हड्डी की बिक्री तथा परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध है।
बकरीद पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और गोवंश की रक्षा के लिए सभी जिला के संवेदनशील क्षेत्र, मुख्य चौराहों, हाट बाजार और अंतरराज्यीय व अंतरजिला सीमा पर पुलिस की विशेष गश्ती बढ़ाने, वाहनों की सघन जांच की मांग की गई।प्रतिनिधियों में विहिप के झारखंड-बिहार के क्षेत्र मंत्री डॉ बीरेंद्र साहू, प्रांत उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत बजरंग दल संयोजक रंगनाथ महतो, महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी शामिल थे। यह जानकारी प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख प्रकाश रंजन ने दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


