रांची: पूजा पंडालों में विराजे गणपति, भक्तों ने मांगी मन्नत
गणपति राखो मेरी लाज, पुरन किजौ मेरे काज...। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर गुरुवार को देवताओं में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की गयी। गणेश उत्सव को लेकर दिन में शहर में उल्लास का...
गणपति राखो मेरी लाज, पुरन किजौ मेरे काज...। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर गुरुवार को देवताओं में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की गयी। गणेश उत्सव को लेकर दिन में शहर में उल्लास का माहौल रहा। भक्तिभाव के साथ श्रद्धालुओं ने घरों और मंदिरों में गणपति महाराज की पूजा अर्चना की। भगवान को मोदक, दूर्बा और सफेद फूल अर्पित किया गया। पूजा के क्रम में भक्तों ने गणेश भगवान से परिवार व समाज के लिए मंगल कामना की। अभिष्ट फल की सिद्धि के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठान हुए।
इस मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों में प्रतिमाओं की स्थापना की गयी है। पूजा स्थल पर मेला भी लगाया गया है। चुटिया एवं साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान में गणेश उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। रातू रोड के खादगढ़ा स्थित श्री गणेश लक्ष्मी मंदिर में नौ दिनी अनुष्ठान आरंभ हुआ। शहर के मेन रोड, थड़पखना, न्यू नगड़ा टोली, हरमू रोड के आनंदपुरी समेत पिस्का मोड के विश्वनाथ मंदिर में गणेश भक्त मंडल की ओर से गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिरों में भक्तों का तांता लगा
गणेश चतुर्थी पर सिद्धि विनायक की पूजा के लिए मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। महावीर चौक स्थित गणेश मंदिर में सुबह पट खुलने के बाद भक्तों की टोली पूजा के लिए पहुंचने लगी। कतारबद्ध भक्त दिन के दो बजे तक पूजा-अर्चना में लीन रहे। दर्जनों भक्तों ने मनोकामना पूर्ति के लिए मंदिर में धागा के साथ नारियल बांधे। मुख्य पुरोहित विनोद मिश्र ने वैदिक महामंत्रों से गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने बताया कि भगवान गणेश को छप्पन भोग, खीर भोग और गोंद के लड्डू चढ़ाए गए। पूजा आयोजन में मंदिर समिति के सदस्यों ने योगदान किया।
लोअर चुटिया में शुरू हुआ मेला
लोअर चुटिया के सामलौंग मेलाटांड में गणेश उत्सव पर नौ दिनी मेला शुरू हुआ। रंग-बिरंगे बल्बों और फूलों से सजे पंडाल में गणपति महाराज को विराजमान किया गया है। पूजा का आयोजन न्यू स्टार नवयुवक संघ गणेश पूजा समिति की ओर से किया गया है। दिन के 10 बजे विधि-विधान से पूजा शुरू हुई। पूजा उत्सव का उद्घाटन शाम सात बजे आरती के समापन पर हुआ। समिति के अध्यक्ष छत्रधारी महतो एवं कृष्णा शर्मा ने बताया नौ दिनों तक चलने वाले मेला में कई स्टॉल एवं मनोरंजन के अलावा लजीज व्यंजन के काउंटर लगाए गए हैं।