गोंदा पुलिस ने मोबाइल लूटपाट करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिट्टू कुमार दुबे और विशाल गुप्ता शामिल हैं। दोनों आरोपी रातू थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटा हुआ मोबाइल और ऑटो भी बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ गोंदा थाने में होलीडे होम के समीप रहने वाले सतीश कुमार जैन ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
पूछताछ में पुलिस को यह जानकारी मिली कि आरोपी पूरी प्लानिंग के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देते हैं। एक अभियुक्त ऑटो चलाता है तो दूसरा पीछे बैठा रहता था। इससे यात्रियों को यह लगे कि ऑटो में पहले से ही यात्री बैठा है। रात में अकेले यात्री को देखकर वह अपने ऑटो में बैठा लेते हैं। इसके बाद सुनसान इलाका आने पर उससे लूटपाट करते हैं। आरोपियों ने होलीडे होम के समीप रहने वाले सतीश जैन से लूटपाट करने की बात स्वीकार की है।
मोबाइल लूटने के बाद मारपीट की :
कांके रोड होली डे होम निवासी सतीश जैन एक सितंबर को रातू रोड न्यू मार्केट से ऑटो से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान होली डे होम के समीप चालक ने ऑटो रोक दिया। सतीश के साथ मारपीट की। ऑटो में पीछे बैठा एक अन्य अपराधी सतीश से मोबाइल लूट लिया। इसके बाद उसे धक्का देकर ऑटो से नीचे गिरा दिया। उसके पैर पर ऑटो चढ़ाते हुए भाग निकला। इसके बाद सतीश ने गोंदा पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची और सतीश को सदर अस्पताल ले गई। सतीश के बयान पर गोंदा थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। थानेदार अवधेश कुमार ठाकुर ने बताया कि ऑटो के नंबर के आधार पर उसका लोकेशन निकाला गया। इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।