इटकी के व्यापारी का 25 टन धान लेकर ट्रक चालक फरार, प्राथमिकी दर्ज
इटकी थाना क्षेत्र के गड़गांव निवासी धान व्यापारी गनेश साहू का 25,270 किलोग्राम धान लेकर ट्रक चालक फरार हो गया है। चोरी का मूल्य लगभग पांच लाख रुपये है। व्यापारी ने इटकी थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामला भरनो थाना क्षेत्र का है और जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को स्थानांतरित किया गया है।

इटकी, प्रतिनिधि। इटकी थाना क्षेत्र के गड़गांव निवासी धान व्यापारी गनेश साहू का 25,270 किलोग्राम धान लेकर ट्रक चालक फरार हो गया है। घटना पांच दिसंबर की है। गनेश के भाई नरेश ने बताया कि चोरी हुए धान की अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। रविवार देर शाम, पीड़ित व्यापारी ने इटकी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उसने गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र के व्यापारी विवेक केशरी से धान खरीदकर पश्चिम बंगाल के वर्दमान भेजना था। ट्रक के लिए रामा ट्रांसपोर्ट के हरिकृष्ण सिंह से संपर्क करने पर 40 हजार रुपये भाड़ा तय हुआ।
पांच दिसंबर को हरिकृष्ण सिंह ने व्यापारी गनेश साहू को बताया कि हजारीबाग के जरमुने, बगोदर निवासी जानकी साव का ट्रक (संख्या जेएच 0-20-6568) धान लोड करने पहुंचेगा। चालक सुनील दास जिसका मोबाइल नंबर 8271553244 है। भरनो में विवेक केशरी के यहां से ट्रक में 25,270 किलोग्राम धान लोडकर चालक सुनील दास को भाड़े के एडवांस के तौर पर 20 हजार रुपये नकद देकर वर्दमान के लिए रवाना किया। छह दिसंबर को जब व्यापारी ने चालक सुनील दास के मोबाइल पर संपर्क किया तो वह बंद मिला। वर्दमान फोन करने पर पता चला कि धान गंतव्य पर नहीं पहुंचा है। इसके बाद जब रामा ट्रांसपोर्ट के हरिकृष्ण सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने गोलमोल बात कर टाल दिया। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामला भरनो थाना क्षेत्र का है। भुक्तभोगी के आवेदन पर इटकी थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला भरनो थाना स्थानांतरित कर दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



