शहीद सरदार गया मुंडा की पुण्यतिथि पर एटकेडीह में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

Jan 06, 2026 06:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

मुरहू प्रखंड के एटकेडीह गांव में शहीद सरदार गया मुंडा की पुण्यतिथि मनाई गई। सांसद कालीचरण मुंडा ने श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया और शहीद को नमन किया। उन्होंने जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए। कार्यक्रम में गया मुंडा के जीवन और संघर्ष को याद किया गया और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया गया।

शहीद सरदार गया मुंडा की पुण्यतिथि पर एटकेडीह में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

खूंटी, संवाददाता। मुरहू प्रखंड अंतर्गत एटकेडीह गांव में मंगलवार को शहीद सरदार गया मुंडा की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उनके पैतृक गांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद सरदार गया मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर सांसद कालीचरण मुंडा ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और कार्यक्रम में उपस्थित जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण कर जरूरमंदों को राहत पहुंचाने का कार्य किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि शहीद सरदार गया मुंडा देश और समाज के लिए संघर्ष करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए, लेकिन उन्होंने कभी भी अंग्रेजी हुकूमत के सामने घुटने नहीं टेके।

उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ देश की आज़ादी और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया और बलिदान दिया। सांसद ने कहा कि गया मुंडा का जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है, जिनके साहस, त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि शहीद गया मुंडा के कई सपने अधूरे रह गए, जिन्हें पूरा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की रक्षा के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी यह संघर्ष पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नईमुद्दीन ख़ान, बिनसाय मुंडा, विजय कुमार स्वांसी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीणों ने शहीद सरदार गया मुंडा के चित्र व प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा के दौरान सांसद कालीचरण मुंडा ने शहीद सरदार गया मुंडा के वंशज रमाय मुंडा एवं उनके परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग करना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन शहीद सरदार गया मुंडा के विचारों को आत्मसात करने, उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा उनके अधूरे सपनों को साकार करने के संकल्प के साथ किया गया। पूर्व मंत्री नीलकंठ मुंडा ने भी गया मुंडा को दी श्रद्धाजलि सरदार गया मुंडा के पुण्यतिथि के अवसर पर पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा भी एटकेडीह पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने विधिविधान से पूजा अर्चना किया एवं सरदार गया मुंडा के आदमकद प्रतिमा में माल्यार्पण किया। मौके पर उन्होंने कहा कि खूंटी की धरती वीरों की धरती है। यहां भगवान बिरसा मुंडा, सरदार गया मुंडा सरीखे आजादी के मतवालों ने जन्म लेकर देश के लिए अपने प्राणों की बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि सरदार गया मुंडा भगवान बिरसा मुंडा के सेनापति थे। उन्होंने अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे। उनकी योगदान को कभी भुलाया नही सकता। इस अवसर पर विनसाय मुंडा, रूपेश जयसवाल, बिनोद नाग, राजेश नाग, लोझो स्वांसी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।