ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीमंत्री रामेश्वर उरांव के समर्थन में आदिवासी संगठनों ने निकाला जुलूस

मंत्री रामेश्वर उरांव के समर्थन में आदिवासी संगठनों ने निकाला जुलूस

मंत्री रामेश्वर उरांव के बयान के समर्थन में सोमवार को आदिवासी संगठनों ने समर्थन जुलूस निकाला। इस दौरान केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के...

मंत्री रामेश्वर उरांव के समर्थन में आदिवासी संगठनों ने निकाला जुलूस
हिन्दुस्तान टीम,रांचीMon, 01 Feb 2021 08:30 PM
ऐप पर पढ़ें

रांची। संवाददाता

मंत्री रामेश्वर उरांव के बयान के समर्थन में सोमवार को आदिवासी संगठनों ने समर्थन जुलूस निकाला। इस दौरान केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के नेतृत्व में रांची विश्वविद्यालय से अलबर्ट एक्का चौक तक जुलूस निकाला गया। अजय ने कहा कि रामेश्वर उरांव के बयान से वैसे लोग रोष व्यक्त कर रहे है और माफी मांगने के लिए विवश कर रहे है, जिन्होंने पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आदिवासियों की भूमि को छल कपट और डरा धमका कर छीन ली है।

राजस्थान में राजस्थानी, महाराष्ट्र में मराठी, बिहार में बिहारी तो झारखंड में झारखंडी को बोलने का अधिकार कोई छीन नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को रामेश्वर उरांव के बयान से आपत्ति है, उन्हें झारखंड में रहने का कोई अधिकार नहीं है। चाहे वह कोई भी राजनीतिक दल का नेता हो। झारखंड में वही राज करेगा जो झारखंडियों के हितों की बात करेगा।

समिति के महासचिव संतोष तिर्की ने कहा कि जमीन लूट षड़यंत्र में कही न कही वैसे आदिवासी और गैर आदिवासी लोगों की अहम भूमिका रही है, जिनकी दुकानदारी झारखंड के सभी राजनीतिक पार्टियों में अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी बन कर चल रही है। उन्होंने कहा कि रामेश्वर उरांव एक आदिवासी नेता हैं। उन्होंने झारखंडियों के हितों की रक्षा करने की ओर इशारा किया है। इसलिए आदिवासी-मूलवासी चाहे किसी भी राजनीतिक दल में हो, वे रामेश्वर उरांव का समर्थन करते हैं। इसी क्रम में सरना प्रार्थना सभा के चंद्रदेव बालमुचू ने भी अपने विचार रखे। मौके पर सीताराम भगत, राहुल उरांव, अजमंर मुंडा, किशोर लोहरा, संजय लोहरा, छोटू आदिवासी, मन्नु तिग्गा, अशोक लोहरा, सुरेंद्र लिंडा, गौतम कच्छप, निकोलस एक्का, राधे तिर्की, सीता खलखो, राजकुमारी लकड़ा सहित कई मौजूद थे।

आदिवासी विकास समिति ने किया मंत्री के बयान का समर्थन

रांची। झारखंड आदिवासी विकास समिति के अध्यक्ष प्रभाकर नाग और महासचिव रतन सिंह मुंडा ने वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव के बयान का समर्थन किया है। प्रेस बयान जारी कर कहा कि मंत्री ने बयान से अपनी भावनाओं को दर्शाने का प्रयास किया है, जो यहां के आदिवासी-मूलवासियों के भावनाओं के अनुरूप है। रामेश्वर ने अपने पूर्वजों की बातों को रखा है। दूसरी ओर समिति ने बाबूलाल मरांडी के गैर जिम्मेदाराना बयान की निंदा की, जिसमें आदिवासियों को हड़िया बेचने के लायक समझते है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें