सहिया दीदियों को उच्च जोखिम गर्भावस्था की दी गई जानकारी
खूंटी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मारंगहादा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सहिया दीदियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार लाना और मातृ-शिशु मृत्यु दर को कम करना है। प्रशिक्षक संगीता मिश्रा ने हाई रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान और स्वास्थ्य सुविधाओं के समय पर रेफर करने पर जोर दिया।

खूंटी, संवाददाता। खूंटी सदर प्रखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मारंगहादा में शनिवार को ग्रामीण स्वास्थ्य एवं पोषण परियोजना के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा चाइल्ड इन नीड इंस्टिट्यूट (सीनी) के सहयोग से सहिया दीदियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, गर्भकाल एवं प्रसव के दौरान होने वाले खतरों के संकेतों पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुमार आलोक बिहारी ने किया। उन्होंने कहा कि सहिया दीदियां स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उन्हें समय-समय पर प्रशिक्षित करना जरूरी है। मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार लक्ष्य: तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण क्लस्टरवार आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार लाना और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना है।
प्रशिक्षण के दौरान सीनी संस्था की प्रशिक्षक संगीता मिश्रा ने कहा कि हाई रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान कर महिलाओं की विशेष निगरानी एवं देखभाल करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सहिया दीदियों को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत समय पर रेफर करने की सलाह दी, ताकि जांच और उपचार में देरी न हो। कार्यक्रम में सहिया साथी व टीम रही उपस्थित: कार्यक्रम में सीनी संस्था के जिला समन्वयक रोहित राज सहित अमरनाथ, वशिष्ठ, अल्पना, अंकिता, प्रियंका, किरण, अनिसाय और खूंटी सदर क्षेत्र की सभी बीटीटी सहिया साथी एवं सहिया टीम उपस्थित थीं। सभी सहिया दीदियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को गांव में लागू करने और गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




