
अधिकारी ऐसा काम ना करें, जिससे हो विवाद : अलका तिवारी
नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ राज्य में लागू हो जाएगी आदर्श आचार संहिता, चुनाव को लेकर सभी निर्वाचित पदाधिकारी और सहायक निर्वाचित पदाधिकारी की बैठक
रांची, हिंदुस्तान ब्यूरो। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी की अध्यक्षता में सभी जिलों के निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की प्रशिक्षण सह बैठक हुई। राज्य निर्वाचन कार्यालय में आयोजित बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसे सख्ती से लागू कराने में भी निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। अधिकारी कोई ऐसा काम नहीं करें, जिससे वे विवाद में आ जाएं। चुनाव के दौरान हर दिन आयोग को भेजी जानेवाली रिपोर्ट की भी जानकारी अधिकारियों को दी गई।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में पदाधिकारियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। चुनाव के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी और विवाद न हो, इसलिए निकाय चुनाव से संबंधित नियमों और आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव की बारीकियों को समझने की आवश्यकता है। नामांकन प्रक्रिया, मतदान, मतगणना के दौरान पूरी सतर्कता जरूरी है। इस बार बैलेट पेपर से चुनाव होना है, इसलिए मतगणना के दौरान सबसे अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से चुनाव पूरा कराने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारी रखी जाए। निर्वाची पदाधिकारियों के प्रशिक्षण सह बैठक के साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग की निकाय चुनाव को लेकर तैयारी पूरी हो गई है। निर्वाचन पुस्तिका का पूरी गहनता से अध्ययन करें : सचिव आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद की मानें तो आवश्यकता पड़ने पर अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हो सकती है। उन्होंने निर्वाची व सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को आयोग की ओर से जारी निर्वाचन पुस्तिका का पूरी गहनता से अध्ययन करने को कहा है। उसी के अनुरूप निकाय चुनाव कराना है। छोटी-छोटी बातों से कई बार विवाद बढ़ जाता है, इसलिए नियम संगत चुनाव कराने के लिए पुस्तिका काफी उपयोगी होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




