गांव स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मिला प्रशिक्षण
रांची में सदर अस्पताल परिसर में जन आरोग्य समिति और टीबी मुक्त पंचायत के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ। मुखिया और स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और पंचायतों को टीबी मुक्त करना था। अधिकारियों ने टीबी से बचाव और जन आरोग्य समिति की भूमिका पर जानकारी दी।

रांची, संवाददाता। सदर अस्पताल परिसर में जन आरोग्य समिति और टीबी मुक्त पंचायत को लेकर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हो गया। इसमें विभिन्न प्रखंडों से आए मुखिया, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य गांव स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लिए जन आरोग्य समिति की भूमिका को मजबूत करना था। अधिकारियों ने बताया कि जन आरोग्य समिति गांव के लोगों और स्वास्थ्य विभाग के बीच सेतु का काम करती है। इसके मजबूत होने से लोगों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलती हैं। प्रशिक्षण में बताया गया कि हर जन आरोग्य समिति को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के विकास के लिए हर साल 50 हजार रुपये दिए जाते हैं।
इस राशि से साफ-सफाई, जरूरी मरम्मत और स्वास्थ्य जागरुकता से जुड़े काम किए जा सकते हैं। राज्य स्तर के अधिकारियों ने टीबी से बचाव पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग, कुपोषित लोग और टीबी मरीज के संपर्क में रहने वालों की समय पर जांच जरूरी है। समय पर इलाज से टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि जब मुखिया, जनप्रतिनिधि, सहिया, आंगनबाड़ी सेविका और एएनएम मिलकर काम करते हैं, तो गांव को स्वस्थ बनाना आसान हो जाता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


