खूंटी में वाहन पलटने से युवक की मौत
खूंटी थाना क्षेत्र के रेमता गांव के समीप एक सड़क हादसे में 31 वर्षीय रवि मुंडा की मौत हो गई। उनकी कार तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रवि एक मॉल में टीम लीडर के पद पर कार्यरत थे और पारिवारिक समारोह में शामिल होने आए थे।

खूंटी, संवाददाता। खूंटी थाना क्षेत्र के रेमता गांव के समीप नामकोम थाना अंतर्गत बंधुआ गांव के पास शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब कार तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में चालक को गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही स्थिति गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान 31 वर्षीय रवि मुंडा के रूप में हुई है। वे खूंटी प्रखंड के रेमता गांव के मूल निवासी थे और वर्तमान में खूंटी शहर के पिपराटोली इलाके में रहते थे। रवि मुंडा शहर स्थित एक प्रतिष्ठित मॉल में टीम लीडर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि वे मिलनसार स्वभाव के थे और अपने कार्य के प्रति काफी समर्पित रहते थे। परिजनों के अनुसार रवि मुंडा शुक्रवार को एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए गांव आए थे। देर रात कार से खूंटी लौटने के दौरान बंधुआ गांव के समीप तीखे मोड़ पर उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे में रवि मुंडा के सिर में गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि रवि मुंडा अविवाहित थे और तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मातम पसर गया है, वहीं गांव और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


