Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsTragic Drowning of Two Children in Damgada Pond Bedo Police Launch Investigation
दमगड़ा तालाब में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबकर मौत

दमगड़ा तालाब में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबकर मौत

संक्षेप:

खुखरा पंचायत के चनकोपी चरका टंगरा गांव में दमगड़ा तालाब में नहाते समय दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में 9 वर्षीय संजीत उरांव और 7 वर्षीय सूर्या उरांव शामिल हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Feb 04, 2026 10:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

बेड़ो, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के खुखरा पंचायत अंतर्गत चनकोपी चरका टंगरा गांव स्थित दमगड़ा तालाब में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। मृत बच्चों की पहचान चरका टंगरा गांव निवासी 9 वर्षीय संजीत उरांव (पिता बिरसा उरांव) और चनकोपी गांव निवासी 7 वर्षीय सूर्या उरांव (पिता सुनील उरांव) के रूप में हुई है। यह दर्दनाक घटना बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे अन्य बच्चों के साथ दमगड़ा तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान सूर्या और संजीत गहरे पानी की ओर चले गए और धीरे-धीरे डूबने लगे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस दृश्य को देखकर अन्य बच्चे भयभीत हो गए और तालाब से बाहर निकलकर गांव की ओर भाग गए। बच्चों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस: दोनों बच्चों के तालाब में डूबने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत बेड़ो थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव के नेतृत्व में एएसआई अक्षय कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस की मदद से तालाब में डूबे दोनों बच्चों के शव को बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव: थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। इस संबंध में बेड़ो थाना में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों में मचा कोहराम, जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक: घटना के बाद मृतक बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम बच्चों की असामयिक मौत से माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और हर आंख नम है। इस हृदयविदारक घटना पर प्रखंड उप प्रमुख मुदस्सिर हक और खुखरा पंचायत के मुखिया जतरू उरांव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। नहाने के दौरान तालाब में डूबने से बच्चों की मौत की सूचना मिली है। इस संबंध में थाना में एक यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है -सुजीत कुमार उरांव, थाना प्रभारी, बेड़ो।