बुढ़मू में दातून तोड़ने पेड़ पर चढ़े किशोर की करंट लगने से मौत
ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिंदू बसाइर के पास 11 हजार वोल्ट बिजली के तार की चपेट में आने से 17 वर्षीय सोनू लोहरा की मौत हो गई। वह करंज के पेड़ पर दातून तोड़ने गया था। बिजली के तार टूटने से पेड़ के नीचे आग लग गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से उचित मुआवजे की मांग की।

बुढ़मू, प्रतिनिधि। ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर स्थित बिंदू बसाइर के पास 11 हजार वोल्ट बिजली के तार की चपेट में आने से एक नाबालिग की मौत हो गई। मृतक 17 वर्षीय सोनू लोहरा नाउज गांव के पुतरीटोला का निवासी था। घटना सोमवार की सुबह लगभग नौ बजे की है। जानकारी के अनुसार, सोनू घर से कुछ दूरी पर स्थित एक करंज के पेड़ पर दातून तोड़ने के लिए चढ़ा था। पेड़ से सटकर गुजरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से वह झुलस गया और उसकी मौके पर उसने दम तोड़ दिया। इस दौरान बिजली का तार टूटने से पेड़ के नीचे आग लग गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली कटवाई। इसके बाद बिजली विभाग की टीम और बुढ़मू पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद स्थानीय मुक्तिधाम में शव का अंतिम संस्कार किया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि मृतक के परिजनों को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं बिजली के पोल और तारों के पास स्थित पेड़ों की छंटनी की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो। बेटे का शव देखकर मां बेहोश होकर गिर पड़ी बेटे की मौत की खबर पाकर जैसे ही सोनू की मां घटनास्थल पर पहुंची और अपने लाडले का शव पेड़ पर देखते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतक सोनू ट्रैक्टर पर मजदूरी का काम कर परिवार का हाथ बंटाता था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


