
बेड़ो में काटने के दौरान पेड़ गिरा, मासूम की मौत और माता-पिता घायल
बेडो में वन विभाग द्वारा लिप्टस का पेड़ काटते समय बड़ा हादसा हुआ। पेड़ गिरने से तीन साल की मासूम अनु कच्छप की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार के घर और कार को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बेड़ो, प्रतिनिधि। वन विभाग परिसर में विभाग द्वारा लिप्टस का पेड़ काटने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लिप्टस का पेड़ गिरने से उससे दबकर तीन साल की मासूम अनु कच्छप की मौत हो गई। वहीं पिता विमल कच्छप और मां रोशनी गोप गंभीर रूप से घायल हो गए और मारिया देवी और गोयंदा कच्छप का पूरा घर और पास में खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना बुधवार की शाम साढ़े चार बजे की है। इस संबंध में पीड़िता मारिया देवी ने बताया कि पेड़ गिरने से उसके मकान की दीवारें और छप्पर ध्वस्त हो गया। वहीं घर में रखे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, अनाज और अन्य घरेलू सामान बर्बाद हो गए।

पीड़िता ने कहा कि कड़ाके की ठंड में उन्हें रहने में परेशानी होगी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घटनास्थल से पेड़ हटाकर मासूम और उसके माता-पिता को बाहर निकालकर सीएचसी बेड़ो पहुंचाया, जहां डॉ सुमन एक्का ने मासूम अनु कच्छप को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दंपति को बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत की मुखिया सुशांति भगत, सुशील भगत, बेड़ो पुलिस के जवान सीएचसी पहुंचे। सूचना मिलने पर सीओ राजकुंवर सिंह ने वन विभाग परिसर में जाकर मामले की छानबीन की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


