नौवीं का परीक्षा देने जा रहे तीन छात्र सड़क हादसे में घायल
बेडो-लोहरदगा पथ पर तुको गांव के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। वे परीक्षा देने जा रहे थे। घायलों को स्थानीय ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बेड़ो, प्रतिनिधि। बेड़ो-लोहरदगा पथ पर बेड़ो थाना क्षेत्र के तुको गांव स्थित सरनाटोली मोड़ के पास शनिवार की सुबह करीब 8:30 बजे एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार तीनों छात्र परीक्षा देने के लिए बेड़ो जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण बबलू महतो और बसंत उरांव ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को उठाकर एक ऑटो की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ो पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुमन एक्का ने सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।घायल छात्र अनिल मुंडा ने बताया कि वह रंजीत मुंडा के साथ कक्षा नौवीं में पढ़ता है। वे अपने साथी प्रेम प्रकाश उरांव के साथ सोशल साइंस की परीक्षा देने के लिए बाइक से प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय बेड़ो जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलने पर बेड़ो थाना के एएसआई अक्षय कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


