ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीराज्यपाल ने लगाया झाड़ू, कहा स्वच्छता में ही शुद्धता है

राज्यपाल ने लगाया झाड़ू, कहा स्वच्छता में ही शुद्धता है

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शनिवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू वार्ड 19 के धोबी घाट मोहल्ला पहुंची। मौके पर मौजूद नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, रांची की मेयर आशा लकड़ा, पार्षद रोशनी खलखो और पार्षद...

राज्यपाल ने लगाया झाड़ू, कहा स्वच्छता में ही शुद्धता है
वरीय संवाददाता,रांचीSat, 22 Sep 2018 11:55 PM
ऐप पर पढ़ें

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शनिवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू वार्ड 19 के धोबी घाट मोहल्ला पहुंची। मौके पर मौजूद नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, रांची की मेयर आशा लकड़ा, पार्षद रोशनी खलखो और पार्षद अर्जुन यादव के साथ झाड़ू लगाया। इस दौरान खुले में गंदगी देखकर उन्होंने मेयर से पूछा कि यहां सभी के घरों में शौचालय है या नहीं। इसपर मेयर ने कहा कि पूरा वार्ड ओडीएफ मुक्त है। इसपर राज्यपाल ने कहा कि लोगों को स्वच्छता को लेकर पहले अपनी सोच बदलनी होगी। 
राज्यपाल ने बताया कि बचपन में उनकी दादी कहा करती थी कि पहले अपना घर स्वच्छ रखो, उसके बाद आस पड़ोस।

राज्यपाल ने आगे कहा कि स्वच्छता में ही शुद्धता है। रांची की आबादी 14 लाख से अधिक है और नगर निगम के पास महज 1700 के करीब सफाईकर्मी हैं। यह अकेले नगर निगम की बस की बात नहीं है कि वह शहर को साफ सुथरा रख पाए। इस काम में शहरवासियों की भूमिका भी अहम है। वहीं नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि पहली बार कोई राज्यपाल रांची के किसी बस्ती में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि जबतक हम अपनी आदतों में सुधार नहीं करेंगे, तबतक रांची स्वच्छ नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर साल 2019 में रांची को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाना है। मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि  रांची को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए निगम कड़ी मेहनत कर रहा है। शहर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए लोगों को आगे आना होगा।
स्वास्थ्य शिविर का किया उद्घाटन
मौके पर राज्यपाल ने स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन भी किया। दिन भर चले शिविर में 125 मरीजों का इलाज स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों द्वारा किया गया। साथ ही मरीजों को दवाईंयां भी दी गई। गंभीर मरीजों को सदर अस्पताल और रिम्स भेजा गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें