ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीगांधी शिल्प बाजार में उमड़ने लगी लोगों की भीड़

गांधी शिल्प बाजार में उमड़ने लगी लोगों की भीड़

देखते बन रहा सहारनपुर की काष्ठ कलाकृतियां

गांधी शिल्प बाजार में उमड़ने लगी लोगों की भीड़
हिन्दुस्तान टीम,रांचीTue, 27 Mar 2018 02:53 AM
ऐप पर पढ़ें

रांची के हरमू मैदान में लगे गांधी शिल्प बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसमें झारखंड, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के हस्तशिल्प और कलाकृतियां उपलब्ध हैं। झारखंड में बनीं लाह की चूड़ियां, बांस और पीतल की कलाकृतियां, जूट के बैग आदि लोग खूब पसंद कर रहे हैं। शुद्ध कॉटन और सिल्क के कपड़ों पर पेंटिंग कर हाथ से बनायी गई सम्बलपुर की साड़ियां महिलाओं के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई हैं।

एक से बढ़कर एक कलाकृतियां

यूपी का सहारनपुर काष्ठ कला के लिए जाना जाता है। यहां लकड़ियों पर खुदाई कर फर्नीचर और सजावटी समान बनाए जाते हैं। शिल्प बाजार में सहारनपुर की कलाकृतियां देखते ही बन रही हैं। उड़ीसा की पिपली और पट्टा चित्रकला के नमूने भी लोगों को लुभा रहे हैं। इसके अलावा लखनऊ का चिकन क्राफ्ट, मैसूर की लाह से पेंटिंग किए गए लकड़ी के खिलौने, मधुबनी पेंटिंग, कश्मीरी शॉल, सिलिगुड़ी की बेंत के फर्नीचर, राजस्थान और पंजाब की जूतियां और कोल्हापुरी चप्पल भी मौजूद हैं।

गांधी शिल्प बाजार का आयोजन छोटानागपुर क्राफ्ट डेवलपमेंट सोसाइटी ने किया है। इसे विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) वस्त्र मंत्रालय वित्तीय सहायता दे रहा है। यह बाजार एक अप्रैल तक रहेगा। प्रवेश नि:शुल्क है। यहां 120 स्टॉल लगे हैं। वस्त्र मंत्रालय के सह निदेशक बी जैना ने बताया कि रामनवमी के कारण शुरू के दो दिनों में लोगों की भीड़ थोड़ी कम थी, पर अब बढ़ने लगी है। हर दिन शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम से भी मेले की रौनक बढ़ जाती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें