एआई का उद्देश्य मानवीय निर्णय क्षमता का पूरक बनाना होना चाहिए: डॉ अमर
रांची में टेडेक्स कांके द्वारा 'एआई का युग' विषय पर एक विशेष टॉक शो का आयोजन किया गया। 14 विशेषज्ञों ने मानव निर्णय और मशीन बुद्धिमत्ता के संतुलन की आवश्यकता पर चर्चा की। पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए गए।

रांची, वरीय संवाददाता। टेडेक्स कांके की ओर से कांके रोड स्थित एक होटल में रविवार को 'एन एरा ऑफ एआई' (एआई का युग) विषय पर एक विशेष टॉक शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के 14 विशेषज्ञ वक्ताओं ने अपने विचारों को मंच पर साझा किया। टेडेक्स कांके के क्यूरेटर राजीव गुप्ता ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। पूर्व डीजीपी कर्नाटक, डॉ. अमर कुमार पांडे ने प्रभावी निर्णय प्रणाली विकसित करने के लिए मानवीय अंतर्ज्ञान और मशीनी बुद्धिमत्ता के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने जोर दिया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का अंतिम उद्देश्य मानवीय निर्णय क्षमता का पूरक बनना होना चाहिए, न कि उसका स्थान लेना।
स्वास्थ्य और योग्यता पर एआई का प्रभाव पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन जैसे मजबूत डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की नींव बताया। उन्होंने 50 करोड़ से अधिक नागरिकों तक सटीक और समावेशी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। राखी प्रसाद ने इस दौर को ऑगमेंटेड इंटेलिजेंस का युग बताते हुए कहा कि भविष्य उन्हीं नेताओं का है जो साहस और नैतिकता के साथ एआई का उपयोग करेंगे। वहीं, शौर्य गायकवाड़ ने कहा कि एआई ने दुनिया को योग्यता के युग से साहस के युग में पहुंचा दिया है, जहां डिग्री से अधिक महत्व सीखने की गति, अनुकूलन क्षमता और जोखिम उठाने के साहस का है। अन्य वक्ताओं में, डॉ. देवाजी पाटिल ने बच्चों में कुपोषण की चुनौती पर बात करते हुए 'स्किल फर्स्ट' मेंटरशिप मॉडल को समाधान के रूप में प्रस्तुत किया। डॉ. अनूप नंदी ने डॉक्टरों की कमी और निदान संबंधी त्रुटियों को कम करने के लिए जिम्मेदार एआई के महत्व को रेखांकित किया। दास गदाधर दास, विकास हिरानी, हरिहरन रघुनाथन और श्याम कुमार एसएस ने भी अपने-अपने विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



