ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीविभागों के बंटवारे पर अटकी बात

विभागों के बंटवारे पर अटकी बात

झामुमो और कांग्रेस के बीच मंत्रिमंडल विस्तार में विभागों के बंटवारे पर बात अटक गई है। दिल्ली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत में कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। 17 जनवरी को...

विभागों के बंटवारे पर अटकी बात
हिन्दुस्तान टीम,रांचीThu, 16 Jan 2020 02:27 AM
ऐप पर पढ़ें

झामुमो और कांग्रेस के बीच मंत्रिमंडल विस्तार में विभागों के बंटवारे पर बात अटक गई है। दिल्ली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत में कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। 17 जनवरी को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पार्टी के सभी 16 विधायकों की मुलाकात के बाद दोनों दलों के नेता फिर से साथ बैठेंगे और कैबिनेट विस्तार पर मुहर लगाएंगे।

उधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चार दिन के दिल्ली प्रवास के बाद बुधवार की शाम रांची लौट आए। मंगलवार देर रात और बुधवार को कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह व राष्ट्रीय महासचिव केसी वेनुगोपाल के साथ उनकी बातचीत हुई। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री पद की संख्या और विभागवार प्रस्ताव कांग्रेस नेताओं को सौंप दिया है। इस पर कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी का संदेश भी दिया गया है कि आरपीएन सिंह 18 जनवरी को आपस में विभागों के बंटवारे और संभावित मंत्रियों के नाम की सूची लेकर रांची आएंगे। इस पर अंतिम सहमति बन सकती है।

विभागों के बंटवारे का विशेषाधिकार चाह रहे सीएम

सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल विस्तार में विभागों के बंटवारे का विशेषाधिकार चाह रहे हैं। वे अपने पास वित्त, कार्मिक, कैबिनेट, गृह और विधि विभाग रखना चाह रहे हैं। वहीं दूसरे विभागों झामुमो, कांग्रेस और राजद में बांटने की बात है। इसी का प्रस्ताव कांग्रेस आलाकमान को दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस इस पर सीधे तैयार नहीं हो रही है। कांग्रेस का तर्क है कि अगर राज्य के खजाना पर अधिकार झामुमो का रहे तो विधि व्यवस्था देखने का अधिकार उन्हें मिले। एक दल मंत्रिमंडल का समन्वय करे तो दूसरा प्रशासनिक नियंत्रण रखे।

19 को हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 19 या 20 जनवरी को हो सकता है। 18 जनवरी को कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ अंतिम बैठक के बाद राज्यपाल से 19-20 जनवरी को कैबिनेट विस्तार का समय लिया जा सकता है। इसमें झामुमो कोटे से संभावित पांच और कांग्रेस कोटे से तीन मंत्री शपथ ग्रहण कर सकते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें