सिल्ली की सुरभि पाल ने नेशनल आर्चरी में जीते स्वर्ण व रजत पदक
सिल्ली की तीरंदाज सुरभि पाल ने अंडर-19 स्कूल नेशनल गेम्स की आर्चरी चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। उन्होंने रिकर्व डिवीजन में रजत और मिक्स टीम में स्वर्ण पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता मणिपुर में आयोजित हुई थी। सुरभि, कक्षा 12 की छात्रा हैं और उनके कोच ने उनकी उपलब्धि की सराहना की।

सिल्ली, प्रतिनिधि। सिल्ली बिरसा मुंडा तीरंदाजी एकेडमी की प्रतिभाशाली तीरंदाज सुरभि पाल ने अंडर-19 स्कूल नेशनल गेम्स की आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर एकेडमी, स्कूल और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुरभि ने रिकर्व डिवीजन के क्वालीफिकेशन राउंड में रजत पदक हासिल किया, वहीं मिक्स टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में सफलता पाई। एकेडमी के कोच प्रकाश राम ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 10 से 18 जनवरी तक मणिपुर के इंफाल में आयोजित की गई थी। देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच सुरभि का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
सुरभि पाल मुरी निवासी अमर पाल की पुत्री हैं और वर्तमान में सिंगपुर आरटीसी स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। इस उपलब्धि पर कोच प्रकाश राम, एकेडमी के संरक्षक सुदेश कुमार महतो, अध्यक्ष नेहा महतो तथा स्थानीय खेल प्रेमियों ने सुरभि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


