
राज्य में अपराधियों का बोलबाला : सुदेश महतो
धुर्वा से गायब बच्चों अंश-अंशिका के परिजनों से मिले, बच्चों की सकुशल वापसी के लिए मदद का आश्वासन
रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो मंगलवार को धुर्वा से गायब बच्चों अंश-अंशिका के माता-पिता से मिले और बच्चों की सकुशल वापसी के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद महतो खूंटी पहुंचे और नृशंस हत्या के शिकार दिवंगत पड़हा राजा सोमा मुंडा के परिजनों से भी मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उनके साथ केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और केंद्रीय महासचिव सह जिप अध्यक्ष निर्मला भगत भी थीं। महतो ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता में गरीब नहीं है। न तो अंश-अंशिका का सुराग मिल पाया है और न ही सोमा मुंडा के हत्यारों का।
झारखंड में राज्य सरकार और पुलिस पूरी संवेदनहीन हो चुकी है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। राज्य में अपराधियों का बोलबाला है। राज्य सरकार की नाक के नीचे एचईसी परिसर से बच्चे सरेआम गायब हो जाते हैं और उनका पता नहीं चलता। खूंटी में पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या कर दी जाती है और पुलिस हाथ पांव मार रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की गुमशुदगी की सूचना शाम 6 बजे थाना को दे दी गई, लेकिन पुलिस दो दिनों तक गंभीर नहीं हुई। अगर सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो जाती तो शायद बच्चे मिल जाते। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य सरकार की ओर से किसी ने परिवार की खोज-खबर नहीं ली है। उन्होंने खूंटी में सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात के बाद कहा कि एक सामाजिक व्यक्तित्व की हत्या कर पूरे समाज पर कुठाराघात किया गया है। स्व मुंडा समाज के अगुआ थे। उनकी हत्या कर आदिवासियों की आवाज को दबाने की साजिश की गई है। इस मौके पर जयकांत कश्यप, महावीर नायक, मुकेश नायक, हरीश कुमार, सतीश कुमार, चिंटू मिश्रा, राजू नायक, चेतन प्रकाश, ओम बर्मा, ऋतुराज शाहदेव, प्रताप सिंह, निर्मल उरांव, प्रीतम कुमार, रौशन कुमार नायक, संदीप साहू आदि भी उपस्थित थे। कांग्रेस ने दिया हर संभव मदद का भरोसा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय नाथ शाहदेव, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, संजीत यादव, रंजन यादव, परमेश्वर राम, मेंहुल दुबे एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ जगन्नाथपुर मौसी बाड़ी से लापता बच्चों अंश और अंशिका के घर पहुंचे। वहां उन्होंने बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की वस्तुस्थिति की विस्तृत जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




