
किशोरियों के सशक्तिकरण का प्रयास सराहनीय : महुआ माजी
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना पर राज्य स्तरीय परामर्श कार्यक्रम हुआ, किशोरियों के नामांकन और दस्तावेजीकरण से जुड़ी चुनौतियों पर की गई चर्चा
रांची। संवाददाता महिला हाउसिंग ट्रस्ट (एमएचटी) द्वारा महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के सहयोग से मंगलवार को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना (एसबीपीकेएसवाई) पर राज्य स्तरीय परामर्श कार्यक्रम का आयोजन रांची के निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों के ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया को सुचारू बनाना, दस्तावेजीकरण से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजना और विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं लाभार्थियों के सुझावों को साझा करना था। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. महुआ माजी उपस्थित रहीं। उन्होंने किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए एमएचटी के प्रयासों की सराहना की। विशेष अतिथि के रूप में अपर सचिव अभय नंदन अम्बस्था और जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार शामिल हुए।
एमएचटी की 72 बस्तियों में सक्रिय भूमिका कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि महिला हाउसिंग ट्रस्ट रांची में 72 बस्तियों में सामाजिक और विकासात्मक मुद्दों पर कार्यरत है। इनमें से 14 बस्तियों में 14 प्रमुख सरकारी योजनाओं पर संस्थान सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। अब तक 12,329 लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया है, जिनमें सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना भी शामिल है। कार्यक्रम में योजना की लाभार्थी किशोरियों ने अपने अनुभव साझा किए और वोटर आईडी व दस्तावेज संबंधी समस्याओं को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर राज्य सामाजिक कल्याण निदेशालय, सीडीपीओ, विद्यालय प्रमुख, महिला विकासिनी, क्लस्टर रिसोर्स पर्सन एवं गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




