फगुआ झारखंडी लोकजीवन की जीवंत अभिव्यक्ति: मधु मंसूरी

Feb 13, 2026 08:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची विश्वविद्यालय के नागपुरी विभाग में 'फगुआ राग-रागिनी और बदलते स्वरूप' विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। पद्मश्री मधु मंसूरी ने नागपुरी गीत परंपरा की व्याख्या करते हुए बताया कि फगुआ गीत झारखंडी लोकजीवन की जीवंत अभिव्यक्ति है। इस कार्यक्रम में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए छात्रों को सम्मानित किया गया।

फगुआ झारखंडी लोकजीवन की जीवंत अभिव्यक्ति: मधु मंसूरी

रांची, विशेष संवाददाता। रांची विश्वविद्यालय के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा संकाय स्थित स्नातकोत्तर नागपुरी विभाग में शुक्रवार को ‘फगुआ राग-रागिनी और बदलते स्वरूप’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता लोकगायक व गीतकार पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख थे। उन्होंने नागपुरी गीत परंपरा की व्याख्या करते हुए कहा कि फगुआ गीत झारखंडी लोकजीवन की सबसे जीवंत और उत्सवी अभिव्यक्ति है, जिसमें रंग, ऋतु और सामूहिक उल्लास का अद्भुत संगम समाहित है। बताया कि रचना-दृष्टि से नागपुरी गीत मुख्यतः दो वर्गों-लोकगीत और शिष्ट गीत में विभाजित हैं। लोकगीत जहां जनजीवन, श्रम और सामूहिक अनुभवों से उपजते हैं, वहीं शिष्ट गीत छंद, मात्रा और साहित्यिक शिल्प से सुसज्जित होते हैं।

उन्होंने नागपुरी को इस क्षेत्र की प्रमुख संपर्क भाषा बताते हुए कहा कि छोटानागपुरिया, जशपुरिया, सनपुरिया और गांगपुरिया राग-रागिनियों का सम्मिश्रण इसकी विशिष्ट पहचान है। उनके अनुसार, उपयोगिता के आधार पर इन गीतों को संस्कार, ऋतु, पर्व, कृषि और विविध जैसे छह महत्वपूर्ण वर्गों में बांटा जा सकता है। उन्होंने जोर दिया कि समय के साथ स्वरूप भले ही बदल रहा हो, लेकिन फगुआ की मूल आत्मा आज भी लोक संवेदना और सांस्कृतिक जुड़ाव में सुरक्षित है। इस अवसर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेमेस्टर-टू की टॉपर वीणा कुमारी को मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, कक्षा में सर्वाधिक उपस्थिति के लिए शिवानी कुमारी और अनिता उरांव को पदक प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. उमेश नंद तिवारी, डॉ. कुमारी शशि, डॉ. दिनेश कुमार दिनमणि, प्राध्यापक और शोधार्थी उपस्थित थे। मंच संचालन डॉ. बीरेंद्र कुमार महतो व डॉ. रीझू नायक ने किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;