ईश्वर से जुड़कर ही समर्पित जीवन फलदायी: विंसेंट आईंद
रांची में कार्मेल मिशनरीज की तीन धर्मबहनों ने 25 वर्ष पूरे होने पर सिल्वर जुबिली समारोह मनाया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया और विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। धर्मबहनों ने प्रतिज्ञाओं का नवीनीकरण किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियाँ दीं।

रांची, वरीय संवाददाता। कार्मेल मिशनरीज संत फ्रांसिस सेवियर प्रोविंस की तीन धर्मबहनों ने शनिवार को अपने समर्पित जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर सिल्वर जुबिली समारोह मनाया। इस अवसर पर रांची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने धन्यवादी मिस्सा बलिदान अर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने कार्मेल विद्यालय के नवनिर्मित प्लस-टू भवन ब्लॉक का उद्घाटन भी किया। धर्मबहन- सिस्टर सरिता बेक, सिस्टर रोमा मिंज एवं सिस्टर मनीषा बागीला ने अपनी सिल्वर जुबिली मनाई। इससे पहले, महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के आगमन पर पारंपरिक रूप से उनके हाथ धुलवाकर स्वागत किया गया और विद्यालय के बैंड ने उन्हें एस्कॉर्ट करते हुए उनकी अगवानी की।
समारोह का आयोजन
प्रवेश गीत और नृत्य के साथ जुबिली मना रहीं धर्मबहनें और पुरोहितगण पवित्र वेदी तक पहुंचे। मिस्सा की शुरुआत में तीनों धर्मबहनों का संक्षिप्त जीवन परिचय प्रस्तुत किया गया। मिस्सा बलिदान के दौरान तीनों ने शुद्धता, आज्ञापालन और निर्धनता की प्रतिज्ञाओं का नवीनीकरण किया तथा विशेष गीत के माध्यम से ईश्वर के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
धर्मोपदेश का संदेश
धर्मोपदेश में विंसेंट आईंद ने कहा, फलदायी बनना समर्पित जीवन की पहली शर्त है और यह तभी संभव है, जब हम ईश्वर से जुड़े रहें। उन्होंने सफलता मिलने पर अहंकार से दूर रहने तथा नम्र भाव से ईश्वर को धन्यवाद देने का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
मिस्सा समाप्ति के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में कार्मेल विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। अंत में महाधर्माध्यक्ष ने तीनों धर्मबहनों को आशीर्वाद एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


