दंत चिकित्सक के सहारे चल रही सिल्ली अस्पताल का ओपीडी व इमरजेंसी
सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों अव्यवस्था का शिकार है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं दंत चिकित्सकों पर निर्भर हैं। चिकित्सा प्रभारी की अनुपस्थिति के कारण मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। सड़क दुर्घटना की चोट रिपोर्ट समय पर नहीं मिल रही है, जिससे जांच में कठिनाई हो रही है।

सिल्ली, प्रतिनिधि। सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इन दिनों अव्यवस्था का शिकार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल ओपीडी और इमरजेंसी सेवा दंत चिकित्सक के सहारे चल रही है, जबकि चिकित्सा प्रभारी अक्सर अनुपस्थित रहती हैं। जानकारी के अनुसार अस्पताल में कुल आठ चिकित्सक पदस्थापित हैं, इसके बावजूद अधिकांश समय मरीजों का इलाज दंत चिकित्सक या आयुष चिकित्सक द्वारा किया जा रहा है। सोमवार देर रात रेल से गिरकर घायल एक व्यक्ति तथा सड़क दुर्घटना में घायल युवकों का उपचार दंत चिकित्सक द्वारा करते देखा गया। चिकित्सा प्रभारी की अनुपस्थिति के कारण अन्य कर्मचारी और नर्स भी समय पर नहीं पहुंचते, जिससे इलाज के अलावा प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
पुलिस को नहीं मिल रही चोट संबंधित रिपोर्ट: सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि दुर्घटना से संबंधित मामलों में समय पर चोट रिपोर्ट नहीं मिलने से जांच प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने इस संबंध में अपने वरीय अधिकारियों को शिकायत की है। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी प्रियंका सिन्हा ने बताया कि अस्पताल से जुड़े कार्यों को लेकर उन्हें कई बार जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। इसी कारण कागजी कार्यों में कुछ परेशानी होती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


