Ranchi News: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं रहेंगी प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

Ranchi News: श्री आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण देने की आवश्यकता पर जोर दिया। सभी आवश्यक सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।

Ranchi News: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं रहेंगी प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी

Ranchi News: तोरपा, प्रतिनिधि। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर शनिवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर स्थित सभागार में मंदिर प्रबंधन समिति और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि श्रावण माह में आम्रेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस:

समीक्षा बैठक में मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, स्थायी एवं मोबाइल शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती, स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति, सड़क मरम्मत, पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधा, एंबुलेंस, पारा मेडिकल टीम तथा अग्निशामक वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग को मंदिर मार्ग और आसपास की सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने तथा आवश्यकतानुसार सड़क मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही बनई नदी और आम्रेश्वर धाम परिसर स्थित तालाब के पास संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत:

बैठक में ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग, साइनेज, एलईडी स्क्रीन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मंदिर प्रबंधन समिति को सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रखने, श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वयंसेवकों को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। समिति की ओर से रखे गए सुझावों पर भी प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि मेले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग होगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की।

मंदिर परिसर का किया निरीक्षण:

बैठक के बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने और श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, एसडीएम दीपेश कुमारी, एसडीपीओ, गोपनीय शाखा प्रभारी प्रमोद राम, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र लाल शहदेव, महामंत्री मनोज कुमार, उपाध्यक्ष रमेश मांझी, श्रीपाल जैन, कैलाश भगत, महेंद्र भगत, कोषाध्यक्ष संतोष पोद्दार, कृष्णानंद तिवारी, दानियाल भगत, महेंद्र कश्यप, सत्यजीत कुंडू सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों में क्या-क्या शामिल किया गया है?
तैयारियों में नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, स्थायी एवं मोबाइल शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती, स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति, सड़क मरम्मत, पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधा, एंबुलेंस और अग्निशामक वाहन की उपलब्धता शामिल है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।