अभावों को मात देकर बानो की शिवांगी बनीं स्टेट टॉपर, जज बनकर गरीबों को न्याय दिलाने का है सपना

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

सिमडेगा जिले की छात्रा शिवांगी कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाली शिवांगी ने सोशल मीडिया से दूरी बना कर और कड़ी मेहनत से यह सफलता हासिल की। उनका लक्ष्य न्यायपालिका में सेवा देना है और जज बनकर समाज के गरीबों को न्याय दिलाना है।

अभावों को मात देकर बानो की शिवांगी बनीं स्टेट टॉपर, जज बनकर गरीबों को न्याय दिलाने का है सपना

बानो, प्रतिनिधि। सिमडेगा जिले की बेटी ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित होने का अवसर दिया है। बानो प्रखंड स्थित एसएस प्लस टू हाई स्कूल की छात्रा शिवांगी कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल इतिहास रचा है, बल्कि पूरे राज्य में जिले का नाम रोशन किया है। गुरुवार को जारी जैक 10वीं के परिणाम में जिले का समग्र प्रदर्शन भले ही संतोषजनक न रहा हो, लेकिन शिवांगी की सफलता ने उस कमी को पूरी तरह पाट दिया है। सफलता का मंत्र: सोशल मीडिया से दूरी और कड़ी मेहनत‘हिन्दुस्तान’ से अपनी सफलता साझा करते हुए शिवांगी ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी।

वे मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई से संबंधित कार्यों के लिए ही करती थीं। शिवांगी का लक्ष्य न्यायपालिका के क्षेत्र में सेवा देना है। लक्ष्य है कि भविष्य में जज बनकर समाज के गरीब, असहाय और वंचित वर्ग के लोगों को न्याय दिलाएंगी।साधारण परिवार, असाधारण उपलब्धिएक बेहद साधारण परिवार से आने वाली शिवांगी के पिता हाट-बाजारों में छोटी सी दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगियों के बावजूद शिवांगी ने अपनी मेहनत जारी रखी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा, स्कूल की प्राचार्य कल्याणी बारला, शिक्षक मनोहर व मंगल जी ने मेरा भरपूर मार्गदर्शन किया। आगे कहा, सेल्फ स्टडी और शिक्षकों के सहयोग से ही मुझे स्टेट टॉपर बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।बधाइयों का तांताशिवांगी की उपलब्धि पर विधायक सुदीप गुड़िया, विक्सल कोंगाड़ी, भूषण बाड़ा, डीसी कंचन सिंह, एसपी श्रीकांत एस. खोटरे, डीडीसी दीपांकर चौधरी, नप अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक रिंकू, डीएसई दीपक राम और डीईओ मिथिलेश केरकेट्टा आदि ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।