Ranchi News: बेड़ो में ताड़का वध और अहिल्या उद्धार के प्रसंगों ने भक्तों को किया मंत्रमुग्ध
Ranchi News: बेड़ो में ताड़का वध और अहिल्या उद्धार प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु 14 अक्टूबर बुधवार

Ranchi News: बेड़ो, प्रतिनिधि। श्री श्री दुर्गापूजा महासमिति की ओर से महादानी मंदिर परिसर में बने पंडाल और दुर्गा मंदिर में आयोजित शारदीय नवरात्र से पूजा स्थल और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। संगीतमय श्रीराम कथा, झांकी, नवाह्न रामचरितमानस पाठ, दुर्गा सप्तशती पाठ, भक्ति गीतों, आरती और मां के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। बुधवार को मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा की पूजा-अर्चना श्रद्धा के साथ की गई। अयोध्या से पधारीं कथा वाचिका सुश्री पार्वती देवी अपने कथा वाचन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। श्रीराम कथा के तीसरे दिन मंगलवार को कथा वाचिका ने ताड़का वध और अहिल्या उद्धार के प्रसंग सुनाए।
उन्होंने बताया कि महर्षि विश्वामित्र का राजा दशरथ से राम और लक्ष्मण को मांगना धर्म की रक्षा के लिए शक्ति का आह्वान था। प्रभु श्रीराम ने ताड़का का संहार कर ऋषियों के यज्ञ को सफल बनाया। वहीं, अहिल्या का उद्धार कर समाज को संदेश दिया कि उपेक्षित और श्रापित लोगों को भी सम्मान मिलना चाहिए। कथा वाचिका ने कहा कि प्रभु के चरणों में वह शक्ति है, जो जड़ में भी चेतना भर सकती है। इस दौरान गायत्री कुमारी के भजनों ने भी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

