
रात भर चंद्रकिरणों में रखी 101 किलो दूध से बनी खीर भक्तों में बांटी
रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट ने शरद पूर्णिमा मनाई। रात में भजन-कीर्तन और सामूहिक आरती का आयोजन हुआ। 101 किलो दूध से बनी खीर का वितरण...
रांची, वरीय संवाददाता। पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट ने शरद पूर्णिमा मनाई। रात्रि में मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन और सामूहिक आरती हुई। ट्रस्ट के भजन गायकों ने मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के मधुर भजनों ने समस्त वातावरण को भक्तिरस से डूबो दिया। मंगलवार की सुबह रात भर चंद्रकिरणों में रखी गई 101 किलो दूध से बनी खीर का वितरण भक्तों के बीच किया गया। इससे पूर्व रात्रि में महोत्सव को मनाने को लेकर मंदिर प्रांगण को सजाया गया। प्रभु को वस्त्राभूषणों के साथ शृंगार किया गया। आरती के समय दीपों की पंक्तियां और चंद्रमा की चांदनी ने माहौल को अत्यंत आध्यात्मिक व दिव्य बना दिया।
शरद पूर्णिमा की रात्रि को विशेष महत्व प्राप्त है, क्योंकि इसे रास पूर्णिमा भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस रात्रि चंद्रमा अपनी पूर्ण कलाओं से युक्त होता है और उसकी चांदनी में औषधीय गुण होते हैं। मंगलवार की सुबह मंदिर के मुख्य पुजारी अरविंद पांडेय ने विधिपूर्वक खीर का भोग लगाया। इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि शरद पूर्णिमा न केवल भगवान श्रीकृष्ण के रासलीला का प्रतीक है, बल्कि यह प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन का भी संदेश देती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




