जलजमाव और कीचड़ से बेहाल बेड़ो सब्जी मंडी मार्ग

Jan 01, 2026 06:28 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

झारखंड के बेड़ो सब्जी मंडी तक जाने वाली सड़क जलजमाव और कीचड़ से गंभीर समस्या का सामना कर रही है। इस कारण किसानों और दुकानदारों को मंडी पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की स्थिति खराब होने से ग्राहकों की संख्या में कमी आई है, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

जलजमाव और कीचड़ से बेहाल बेड़ो सब्जी मंडी मार्ग

बेड़ो, प्रतिनिधि। रांची-गुमला मुख्य मार्ग से झारखंड की प्रसिद्ध बेड़ो सब्जी मंडी को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों जलजमाव और कीचड़ की गंभीर समस्या से जूझ रही है। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जगह-जगह पानी जमा रहने और कीचड़ फैल जाने से किसानों, दुकानदारों और आम लोगों को मंडी आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ग्राहकों की संख्या घटी, दुकानदार परेशान: सब्जी मंडी के दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी भरा रहने के कारण ग्राहक मंडी आने से कतराने लगे हैं।

इससे बिक्री में लगातार गिरावट आ रही है और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गंदे पानी से उठती दुर्गंध के कारण पूरे बाजार का माहौल भी खराब हो गया है, जिससे वहां रुकना मुश्किल हो गया है। दुकान तक सब्जी लदे वाहन जान से कतराते हैं: रांची, गुमला और लोहरदगा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के दर्जनों गांवों से किसान अपनी सब्जियां लेकर बेड़ो सब्जी मंडी पहुंचते हैं। सड़क की बदहाली के कारण उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऑटो चालक इस मार्ग पर जाने से बचते हैं, जिससे गरीब किसानों को अपनी सब्जियां पैदल या कंधे पर ढोकर ले जाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि मंडी तक पहुंचने के लिए गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना उनकी मजबूरी बन गई है। पानी निकासी ठप होने बढ़ी समस्या: स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे बनी नालियां कचरे से पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। इसके कारण नाली का पानी सड़क पर ही बहने लगा है और जगह-जगह जलजमाव हो गया है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यह समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। सड़क पर जमा गंदा पानी न केवल कीचड़ का कारण बन रहा है, बल्कि राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा कर रहा है। राहगीरों को आने-जाने में होती है दिक्कत: इस मार्ग से गुजरने वाले अन्य राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिसलन और कीचड़ के कारण गिरने का खतरा बना रहता है। बाजार आने-जाने में परेशानी होने से पूरे क्षेत्र के व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों और किसानों का कहना है कि जलजमाव और कीचड़ की समस्या को दूर करने के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली की सफाई और सड़क की मरम्मत कर पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;