तेज आंधी-तूफान से कर्रा में कई घरों के छप्पर उड़े, 30 घंटे से बिजली भी गुल
सोमवार को कर्रा प्रखंड में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। डहकेला पंचायत के कई घरों के छप्पर उड़ गए और कई परिवार बेघर हो गए। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हैं। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजे और राहत सामग्री की मांग की है।

कर्रा, प्रतिनिधि। प्रखंड अंतर्गत सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान ने प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। तेज हवा और बारिश से डहकेला पंचायत के डहकेला गांव में कई घरों के छप्पर उड़ गए, जिससे कई परिवारों के सिर से आशियाना छिन गया। वहीं, प्रखंड मुख्यालय समेत कई गांवों में पिछले 30 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उदय महतो, हजुर महतो और नीलम मुंडाईन के घरों पर पेड़ों की बड़ी डालियां टूटकर गिर गईं, जिससे उनके घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवा के कारण गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई पेड़ों की डालियां टूटकर गिर पड़ीं। 33 हजार वोल्ट बिजली तार पर भी कई जगह पेड़ों की डालियां गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग समेत अन्य दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, प्रभावित परिवारों के घरों में रखा अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी बारिश में भीगकर खराब हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षति का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


