सोमा मुंडा हत्याकांड में सात गिरफ्तार, जमीन विवाद बना हत्या की वजह
खूंटी में पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग उस जमीन पर कब्जा करने के प्रयास में शामिल थे, जिसके कारण सोमा मुंडा की हत्या की गई। मामले में मास्टरमाइंड और शूटर अभी तक पकड़े नहीं गए हैं।

खूंटी, संवाददाता। बहुचर्चित पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड मामले में पुलिस ने सात लोग गिरफ्तार किए गए हैं। जिस जमीन विवाद को लेकर सोमा मुंडा की हत्या की गई थी उसी जमीन पर कब्जा कराने वाले सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड और शूटर पकड़ से बाहर हैं। गिरफ्तार आरोपियों में पालकोट राजपरिवार से जुड़े किशोरगंज (रांची) निवासी देवव्रत नाथ शाहदेव, जियारप्पा निवासी बाहा मुंडा, अनीश मुंडा उर्फ सुकरा, रविया पाहन उर्फ रवि, रमेश्वर संगा उर्फ रमेश और जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बिकुआदाग निवासी पंकज कुमार शर्मा उर्फ पंडित शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से सात मोबाइल जब्त किया है।
यह जानकारी एसपी मनीष टोप्पो ने मंगलवार को एसपी कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। एसआईटी टीम में एसडीपीओ ख्रीस्टोफर केरकेट्टा, डीएसपी रामप्रवेश कुमार, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, मारंगहादा थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल, मुरहू थाना प्रभारी नायल गॉडविन केरकेट्टा, एनडीपीएस थाना प्रभारी मणिदीप, जरियागढ़ थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार, पुअनि मंटू कुमार, विकास कुमार, सीताराम दांगी सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। जमीन विवाद से जुड़ा है हत्याकांड एसपी ने बताया कि सात जनवरी की शाम लगभग 6:45 बजे जमुआदाग तालाब के पास अज्ञात अपराधियों ने पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले के खुलासा के लिए एसडीपीओ तोरपा ख्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष एसआईटी गठित की गई थी, जिसने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और गहन जांच के आधार पर इन सातों को गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि खूंटी सदर थाना क्षेत्र के जियारप्पा हुटार बाजार के पास स्थित 3.16 एकड़ जमीन है, जिस पर वर्षों से पड़हा राजा और पड़हा समिति का कब्जा था और वहां नियमित रूप से पड़हा मेला आयोजित होता रहा है। 20 से 27 नवंबर को जमीन का कराया गया था समतलीकरण एसपी के अनुसार, 20 से 27 नवंबर के बीच देवव्रत नाथ शाहदेव ने इस जमीन पर समतलीकरण और नापी का काम कराया, जिसमें अन्य आरोपियों ने सहयोग किया। बाद में जमीन पर चहारदीवारी निर्माण के लिए नींव की खुदाई कराई गई। इसकी जानकारी मिलने पर पड़हा समिति ने काम रुकवा दिया और तीन जनवरी को जमीन कब्जाने के प्रयास का विरोध किया। इसी विरोध से नाराज जमीन दलालों ने सोमा मुंडा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और भाड़े के शूटरों से उनकी हत्या करवा दी। शूटर और साजिशकर्ता जल्द होंगे गिरफ्तार एसपी मनीष टोप्पो ने कहा कि हत्या की साजिश रचने वाले जमीन दलालों और इसमें शामिल शूटरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी देवव्रत नाथ शाहदेव का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ रांची के कांके थाना में हत्या, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। मंगलवार को छह आरोपियों को जेल भेज दिया, जबकि एक आरोपी अस्पताल में इलाजरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




