रिम्स में लिफ्ट संचालन में लापरवाही, आउटसोर्सिंग एजेंसी को नोटिस
रांची में रिम्स प्रशासन ने अस्पताल में लिफ्ट संचालन में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। अस्पताल में लिफ्टों पर ऑपरेटरों की कमी से मरीजों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ा है। एजेंसी सामंता सर्विसेज को नोटिस जारी किया गया है।

रांची, वरीय संवाददाता। मरीजों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दे को देखते हुए रिम्स प्रशासन ने अस्पताल में लिफ्ट संचालन व्यवस्था में बरती जा रही लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रिम्स प्रशासन ने संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी सामंता सर्विसेज को नोटिस जारी किया है। अस्पताल निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने पाया कि कई लिफ्टों पर तैनात ऑपरेटर ड्यूटी से अनुपस्थित थे। कुछ स्थानों पर दो लिफ्टों के संचालन के लिए केवल एक ऑपरेटर की तैनाती की गई थी, जबकि रात्रि पाली में भी कई लिफ्ट बिना ऑपरेटर के संचालित हो रही थीं। स्थिति ऐसी बन गई कि कई बार मरीजों के परिजनों को खुद लिफ्ट चलानी पड़ रही थी, जिससे सुरक्षा जोखिम और उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है।
रिम्स प्रशासन ने इसे मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए एजेंसी से जवाब तलब किया है। प्रशासन के अनुसार, पहले ही 110 लिफ्ट ऑपरेटर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था, लेकिन करीब पांच महीने बाद भी पर्याप्त कर्मियों की व्यवस्था नहीं हो सकी है। साथ ही, वर्तमान में कार्यरत ऑपरेटरों की नियुक्ति और संख्या संबंधी विस्तृत जानकारी भी एजेंसी ने अब तक उपलब्ध नहीं कराई है, जिससे बिल भुगतान और सत्यापन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


