
बम निरोधक दस्ता, एटीएस व जगुआर के जिम्मे सुरक्षा की कमान
संक्षेप: रांची में झारखंड स्थापना दिवस समारोह के लिए मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एक हजार पुलिसकर्मियों के साथ तीन आईपीएस और अन्य अधिकारियों की तैनाती की गई है। समारोह स्थल पर सीसीटीवी और मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे, जबकि ड्रोन कैमरा से भी निगरानी की जाएगी।
रांची, प्रमुख संवाददाता। राज्य स्थापना दिवस पर मोरहाबादी मैदान में होने वाले भव्य कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिए गए हैं। सुरक्षा चाक चौबंद रहे इसके लिए एक हजार पुलिस कर्मचारियों की तैनाती गई है। इस व्यवस्था को और पुख्ता बनाने के लिए तीन आईपीएस, छह डीएसपी, 40 इंस्पेक्टर और 80 दारोगा को भी मुस्तैद करने की तैयारी है। मोरहाबादी स्थित मुख्य आयोजनस्थल की सुरक्षा तीन लेयर में होगी। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, एटीएस, जैप व झारखंड जगुआर की टीम भी चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखेगी। बताया जा रहा है कि मुख्य समारोह मोरहाबादी मैदान में दोपहर बाद होना है।

लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में सुबह 6 बजे से ही जवान मुस्तैद हो जाएंगे। समारोहस्थल के आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर जवानों को लगाया जाएगा। समारोहस्थल के पास वाहनों की इंट्री पर रोक रहेगी। सीसीटीवी से हर जगह रखी जाएगी नजर सुरक्षा में किसी भी तरह का व्यवधान उत्पन्न ना हो, इसे देखते हुए पूरे शहर की निगरानी सीसीटीवी से की जाएगी। साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। समारोह स्थल में जाने वाले हर वाहनों को चेकिंग के बाद ही स्थल तक जाने दिया जाएगा। समारोह स्थल के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। साथ ही दो ड्रोन कैमरा का भी इस्तेमाल किया जाएगा। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरा से पूरे समारोह की निगरानी की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम में आधा दर्जन से ज्यादा पुलिस अधिकारी की तैनाती की जा रही है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे पल-पल की रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को देंगे। मेटल डिटेक्टर से जांच और पुख्ता होगी कार्यक्रमस्थल पर पहुंचने वालों की मेटल डिटेक्टर से जांच होगी। प्रवेश मार्ग के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं।इसके अलावा मेटल स्कैनर से भी जांच की जाएगी। तलाशी के बाद ही लोगों को कार्यक्रम स्थल तक प्रवेश करने दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




