
दशम फॉल में डूबे रोशन की तीसरे दिन भी नहीं मिला सुराग
बुंडू के दशम फॉल में डूबे रोशन कुमार शर्मा की तलाश में एनडीआरएफ और पुलिस ने तीसरे दिन भी अभियान जारी रखा। तेज बहाव और गहरी खोहों के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। रोशन अपने दोस्तों के साथ...
बुंडू, संवाददाता। दशम फॉल में रविवार को डूबे रोशन कुमार शर्मा का तीसरे दिन मंगलवार को भी कोई सुराग नहीं मिला। एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासनिक टीम मंगलवार को भी सुबह से शाम तक तलाशी अभियान में जुटी रही, लेकिन तेज बहाव और गहरी खोहों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। जानकारी के अनुसार, रोशन कुमार अपने दोस्तों के साथ रविवार को दशम फॉल पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी दोस्त मुख्य झरने से लगभग एक किलोमीटर ऊपर जंगल की ओर चले गए थे। वहां भोजन करने के बाद रोशन नहाने के लिए नीचे झरने की ओर उतरे। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे पानी के तेज बहाव में बह गए।

माना जा रहा है कि युवक गहराई में चट्टानों के बीच बने बड़े होल में फंस गया है। बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश, दशम फॉल थाना प्रभारी प्रशांत गौरव, बुंडू सीओ हंस हेम्ब्रम, जिला बल और एनडीआरएफ की टीम ने मंगलवार को पूरे दिन तलाशी अभियान चलाया। टीम को इलाके में बड़े-बड़े चट्टान, गहरी खोह और तेज बहाव के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पानी का बहाव कम करने के प्रयास: प्रशासन ने सोमवार को पानी की गति कम करने के लिए बालू की बोरियां, तिरपाल और बांस से घेरा बनाकर नदी को डायवर्ट करने की कोशिश की थी। हालांकि, मंगलवार को तेज बहाव के कारण वह घेरा आधा बह गया। इसके बावजूद टीम ने दिनभर सर्च ऑपरेशन जारी रखा। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को भी तलाशी अभियान जारी रहेगा। पानी का बहाव कम होने के बाद एनडीआरएफ और पुलिस फिर से गहराई में जाकर रोशन कुमार की तलाश करेंगी। जिस जगह युवक डूबा है, वहां पानी बहुत गहरा है और बहाव काफी तेज है। एनडीआरएफ और पुलिस लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन चट्टानों और बहाव के कारण तलाशी में कठिनाई हो रही है। -ओम प्रकाश, डीएसपी, बुंडू।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


