
तमाड़ एसडीपीओ ने पोस्ते के खिलाफ किया जागरूक
बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने मंगलवार को तमाड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से बातचीत की और बच्चों के साथ समय बिताया। बच्चों से खेल के प्रति रुचि जानकर उन्हें खेल के मैदान के लिए ग्राम प्रधान से मांग करने के लिए प्रेरित किया।
तमाड़, प्रतिनिधि। बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओमप्रकाश मंगलवार को तमाड़ थाना क्षेत्र के कई गांवों के भ्रमण पर निकले थे। उन्होंने तमाड़, दिउड़ी, जोजोड़ीह, उलीडीह, रुगड़ी, मारधान, भुंइंयाड़ीह, पालना जैसे गांवों से होते हुए सुदूरवर्ती कुरचुड़ीह गांव तक का दौरा किया। भ्रमण के दौरान ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात की और उनकी सुरक्षा, आजीविका तथा रोजगार के बारे में जानकारी ली। इसी क्रम में, एक सुनसान रास्ते के किनारे एसडीपीओ ने दर्जनों बच्चों को हाफ पैंट में, साइकिल पर हाथों में फुटबॉल लिए घूमते देखा। बच्चों के खेल के प्रति रुझान को देखकर एसडीपीओ तुरंत रुके और उनसे मिले। उन्होंने बच्चों से परिचय जाना और उन्हें अपने बारे में बताया तथा उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा।

बच्चों ने रोनाल्डो, महेंद्र सिंह धौनी और सानिया मिर्जा जैसे विश्व के लोकप्रिय खिलाड़ियों के बारे में अपनी हाजिरजवाबी दिखाई। उनकी बातों से प्रभावित होकर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने उनसे कहा कि वे अपने ग्राम प्रधान या मुखिया से खेल के मैदान की मांग करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे एक अच्छा मैदान बनवाने में पूरी मदद करेंगे। एसडीपीओ ने बच्चों को पोस्ते की खेती के दुष्प्रभावों के बारे में बताया और कहा कि इससे जमीन बंजर हो जाती है और यह पूरी नस्ल को बर्बाद कर सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


