इटकी सरस्वती पूजा समितियों को प्रशासन ने जारी की गाइड लाइन
इटकी थाना परिसर में सरस्वती पूजा महोत्सव के लिए शांति समिति की बैठक हुई। प्रशासन ने विसर्जन शोभायात्रा में डीजे और तेज आवाज पर प्रतिबंध लगाया है। प्रतिमा विसर्जन सूर्यास्त से पहले करने और रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम बंद करने का निर्देश दिया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इटकी, प्रतिनिधि। इटकी थाना परिसर में रविवार को सरस्वती पूजा महोत्सव के मद्देनजर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने कई निर्देश जारी किए हैं। विसर्जन शोभायात्रा में डीजे और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम पर पूर्ण प्रतिबंध के साथ-साथ नशापान पर रोक लगाई गई है। प्रशासन ने सख्त निर्देश दिया है कि प्रतिमा विसर्जन सूर्यास्त से पहले कर लिया जाए और पूजा के दौरान रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम बंद कर दिया जाए या बहुत कम आवाज में बजाया जाए। इसके अलावा विसर्जन जुलूस की वीडियोग्राफी कराने और नशे की हालत में जुलूस में शामिल नहीं होने की पाबंदी लगाई गई है।
पूजा से पहले सभी समितियों को अपने संरक्षक का चयन कर थाने में आवेदन जमा करने को कहा गया है। पूजा से लेकर जुलूस की समाप्ति तक समिति के सभी सदस्यों को पुलिस प्रशासन के संपर्क में रहने और हर गतिविधि की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। शांति समिति के सदस्यों को भी अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग रहने को कहा गया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शोभायात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़नेवालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी अशोक कुमार राम ने की। मौके पर बीडीओ सह सीओ मोहम्मद अनीश, इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय, उपप्रमुख परवेज राजा, पूर्व जिप सदस्य लाल रामेश्वर नाथ शाहदेव, आजसू जिला सचिव मुर्तजा आलम, सलीम अंसारी, अजीत केशरी, राजकुमार तिर्की, एसआई सुमित कुमार, मनीभूषण कुमार, सुनील मुर्मू, अमीन अंसारी सहित प्रखंड क्षेत्र की सभी पूजा समितियों के दर्जनों सदस्य और प्रबुद्ध ग्रामीण मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


