2025 तक झारखंड की सभी बस्तियों तक पहुंचेगा संघ: संजय
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक इस वर्ष 12 से 14 मार्च को हरियाणा के समालखा में सम्पन्न हुई। इसमें एक प्रस्ताव एवं तीन...

रांची, वरीय संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक इस वर्ष 12 से 14 मार्च को हरियाणा के समालखा में सम्पन्न हुई। इसमें एक प्रस्ताव एवं तीन वक्तव्य दिए गये। अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में पारित प्रस्ताव स्व आधारित राष्ट्र के नवोत्थान का संकल्प लेने के विषय पर था। वर्ष 2025 में संघ के सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस वर्ष तक संघ झारखंड के सभी बस्तियों तक संगठन का विस्तार कर विकास में योगदान देगी। यह बात आरएसएस के प्रांत कारवाह संजय कुमार ने कही। उनके साथ क्षेत्र संघचालक देवव्रत पाहन, प्रांत के सह प्रचार प्रमुख संजय आजाद उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि संघ का मत है कि भगवान महावीर की निर्वाण प्राप्ति के 2550 वें वर्ष के अवसर पर आज भी उनकी आवश्यकता है। छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन अद्वितीय पराक्रम, रणनीतिक कुशलता, युद्धशास्त्र की मर्मज्ञता, संवेदनशील, न्यायपूर्ण व पक्षपातरहित प्रशासन, नारी का सम्मान प्रखर हिंदुत्व जैसी कई विशेषताओं से परिपूर्ण था। महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जन्म जयंती के अवसर पर उनके जीवन, सादगी, परिश्रम, त्याग, समर्पण, निर्भयता एवं सिद्धांतों के प्रति अडिगता उनके जीवन के प्रत्येक क्षण में परिलक्षित होती है। इन महापुरुषों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ श्रध्दापूर्वक नमन करता है। सभी स्वयंसेवक होनेवाले कार्यक्रमों में पूर्णमनोयोग से भाग लेकर उनके आदर्शों को अपने जीवन में चरितार्थ करें ऐसी अपेक्षा है।
उन्होंने कहा की मार्च 2023 तक अखिल भारतीय स्तर पर कुल 42,613 स्थानों पर कुल 68,651 शाखा, साप्ताहिक मिलन 26,877 और कुल मंडली 10,412 का वृत्त आया। वहीं, झारखंड में संघ की दृष्टि से 4 महानगरों में कुल 52 स्थानों पर 97 विद्यार्थी शाखा और 125 व्यवसायी शाखा यानि कुल 222 शाखा चल रही है। जबकि ग्रामीण 24 जिलों में 488 स्थानों पर 454 विद्यार्थी और 162 व्यवसायी शाखा यानि 616 शाखा चल रही हैं।