Ranchi News: स्थानीय लोगों ने की किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने की मांग
Ranchi News: सिल्ली-मुरी क्षेत्र में बाहरी युवक-युवतियों की बढ़ती संख्या से सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन के पास इनकी जानकारी नहीं है, जिससे निगरानी में कमी आ रही है। युवा पार्कों में समय बिताते हैं और स्पष्ट जानकारी देने से बचते हैं। पुलिस मामले की जांच करेगी।

Ranchi News: सिल्ली, प्रतिनिधि। सिल्ली-मुरी क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से बड़ी संख्या में बाहरी युवक-युवतियों के पहुंचकर निजी मकानों और होटलों में ठहरने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इनके संबंध में प्रशासन के पास स्पष्ट जानकारी नहीं होने से सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इनमें कई युवक-युवतियां झारखंड से बाहर के प्रतीत होते हैं। पूछताछ करने पर वे अपने बारे में स्पष्ट जानकारी देने से बचते हैं। अधिक पूछताछ किए जाने पर पढ़ाई समेत अन्य कारण बताकर वहां से चले जाते हैं। लोगों का कहना है कि कुछ युवक-युवतियां सुबह से शाम तक पार्कों और अपेक्षाकृत सुनसान स्थानों पर समय बिताते और मोबाइल फोन पर बातचीत करते नजर आते हैं।स्थानीय
बुद्धिजीवियों का कहना है कि बाहरी लोगों के लंबे समय तक ठहरने की स्थिति में मकान मालिकों और होटल संचालकों को उनके बारे में आवश्यक जानकारी रखना और पुलिस सत्यापन कराना जरूरी है। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की समय रहते जानकारी मिल सकेगी। इधर, सिल्ली थाना प्रभारी ने कहा कि इस संबंध में फिलहाल पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जाएगी।


