Ranchi News: बिल्डर के घर चोरी करने वालों के बंगाल-ओडिशा भागने का शक
Ranchi News: रांची के अशोक नगर में त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक अखिलेश पांडेय के घर से करीब डेढ़ करोड़ के जेवर चोरी हो गए हैं। पुलिस ने चोरों की पहचान कर ली है, लेकिन वे गिरफ्त से दूर हैं। चोरों की तलाश बंगाल और ओडिशा में की जा रही है।

Ranchi News: रांची, प्रमुख संवाददाता। रिहायशी इलाके अशोक नगर में त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक अखिलेश पांडेय के घर से नगदी समेत करीब डेढ़ करोड़ के जेवर चोरी कांड के आरोपी शनिवार को भी पुलिस के हाथ नहीं लगे। हालांकि वारदात करने वाले चोरों की पहचान कर ली है। लेकिन 3 दिन बाद भी चोर गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस को शक है कि चोर पश्चिम बंगाल या ओडिशा निकल गए हैं। इसे लेकर टीम ने रांची और आसपास के जिलों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। खबर है कि पांडेय के घर से चोरी करने के बाद आरोपी कार से बिरसा चौक गए। वहां से 80-90 की स्पीड में कार लेकर बुंडू होते हुए जमशेदपुर से बहरागोड़ा भागे हैं। वहां जामसोला बॉर्डर से होकर ओडिशा के बारीपादा या बंगाल के खड़गपुर की ओर भाग सकते हैं। हालांकि बहरागोड़ा तक चोर कार लेकर जाते हुए सीसीटीवी में दिखे हैं। इधर, पुलिस अफसरों ने कहा, आरोपी की लोकेशन शुक्रवार को मिल चुकी थी। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले चोर फरार हो गए।
बंगाल व ओडिशा में की जा रही तलाश
एसएसपी राकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी का गठन किया है। पुलिस की एक स्पेशल टीम बंगाल में चोरों की लगातार तलाश कर रही है। वहीं, दूसरी टीम ओडिशा में छानबीन में जुटी है।
कार पर लगा रखी थी फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस जांच में पता चला है कि चोर वारदात कर जिस कार से फरार हुए, उस पर फर्जी नंबर प्लेट थी। यह भी पता चला है कि पहचान छिपाने के लिए शातिर चोरों ने घटना को अंजाम देने पहले फर्जी नंबर प्लेट कार पर लगा दी थी। बाद में भागने के क्रम में उस नंबर को हटाकर दूसरा नंबर लगा दिया।
दो घंटे तक घर में करते रहे चोरी
बताया जा रहा है कि चोरी के लिए अखिलेश पांडेय के घर में चोर 2 घंटे तक रहे। गुरुवार तड़के 2.15 बजे चोर बिल्डर के घर में पाइप के सहारे घुसे। एक-एक कमरे में रखे जेवरात को लेकर बैग में रखा। इसके बाद भोर में 4.15 बजे उसी पाइप की मदद से नीचे उतरकर फरार हो गए।
घर में स्प्रे छिड़कने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक परिवार के सदस्य रात करीब एक बजे सोने के लिए गए थे। सोने के बाद सुबह जब सभी उठे तो उनका सिर भारी था। आशंका जताई जा रही है कि चोर ने हर कमरे में स्प्रे छिड़क दिया था। इससे सबको गहरी नींद आ गई थी। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखा है कि चोर अपने साथ एक तकिया भी रखे हुए था, ताकि कोई उठा तो तकिया से दबाकर उसकी हत्या कर दे।
इतना पैसा और जेवरात ले भागे
अखिलेश पांडेय के घर से 600 ग्राम वजन के सोने के जेवर, हीरे के अलावा सोना व रूबी का पूरा सेट, सोने-चांदी के कई तरह के उपहार, 8 लाख रुपये मूल्य के सिक्के व मुद्रा के अलावा न्यौता में मिले 10 लाख रुपये समेत डेढ़ करोड़ से अधिक की संपत्ति चोर ले भागे हैं। बिल्डर अखिलेश के पुत्र आशुतोष ने प्राथमिकी दर्ज करायी है। वहीं, एनके कंस्ट्रक्शन के मालिक निशित केसरी के घर में उसी रात चोरों ने धावा बोला था। गार्ड और निशित ने चोर को देखकर ताबड़तोड़ 8 से 10 राउंड फायरिंग की थी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


