
तुरुप टोल प्लाजा में पिस्टल की नोक पर लूट, टोलकर्मी पर फायरिंग
अनगड़ा थाना क्षेत्र के तुरुप स्थित टोल प्लाजा में एक वाहन मालिक ने पिस्टल की नोक पर टोलकर्मी से 13 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। टोलकर्मी पर फायरिंग भी की गई, लेकिन वह बच गया। आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर रही है।
अनगड़ा, प्रतिनिधि। अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरुप स्थित टोल प्लाजा में सोमवार की रात करीब 12:37 बजे एक वाहन मालिक ने पिस्टल की नोक पर टोलकर्मी से 13 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। इस दौरान टोलकर्मी पर फायरिंग भी की गई, हालांकि निशाना चूक जाने से उसकी जान बच गई। टोल प्लाजा के प्रबंधक संतोष पाठक ने इस मामले में अनगड़ा थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार टोलकर्मी विशाल उपाध्याय बूथ नंबर 13 पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक एक्सयूवी कार (जेएच 01एफजी 1025) रामपुर से विकास की ओर जा रही थी।
टोल गेट पार करने के बाद वाहन अचानक रुक गया। उसके बाद वाहन से एक महिला और एक पुरुष नीचे उतरे और इशारे से विशाल को बाहर बुलाया। इसके बाद वाहन मालिक ने पिस्टल निकालकर विशाल की कनपट्टी पर सटा दी और उसके पॉकेट से 13 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसे से टोलकर्मी की पिटाई की और उस पर फायरिंग कर दी। गोली निशाना चूकने से विशाल बाल-बाल बच गया। भीड़ जुटते ही वाहन लेकर फरार: फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य टोलकर्मी मौके पर पहुंचे। भीड़ बढ़ता देख आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौतम रजवार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं, पुलिस टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है। टोलकर्मियों ने मौके से फायरिंग के बाद गिरा खोखा पुलिस को सौंप दिया है। बताया जाता है कि आरोपी वाहन मालिक स्वयं को स्थानीय बताते हुए टोल टैक्स फ्री होने का दावा कर रहा था। टोल टैक्स कटने से नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




