रिम्स में निःशुल्क नीट कोचिंग का आगाज
रांची, वरीय संवाददाता। रिम्स ने वंचित और जरूरतमंद नीट यूजी अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क नीट यूजी कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग संस्थाओं तक नहीं पहुंच पाते। रिम्स के निदेशक डॉ राज कुमार ने इस पहल को सामाजिक सरोकार बताया।

रांची, वरीय संवाददाता। आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में रिम्स ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान ने गुरुवार को झारखंड के वंचित एवं जरूरतमंद नीट यूजी अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क नीट यूजी कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और संरचित कोचिंग उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग संस्थाओं तक नहीं पहुंच पाते हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ रिम्स के निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी प्रो डॉ राज कुमार की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर डीन डॉ डीके सिन्हा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ हिरेंद्र बिरुआ, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो डॉ शियो प्रिये समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में छात्र अनुभाग की प्रभारी डॉ बेला रोज एक्का, नोडल पदाधिकारी डॉ शिशिर कुमार महतो, डॉ आराधना सांगा एवं डॉ साकेत वर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिम्स के छात्र विद्यार्थियों का करेंगे मार्गदर्शन
झारखंड के विभिन्न जिलों से आए नीट यूजी अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क शैक्षणिक अध्यापन, नियमित टेस्ट, शंका समाधान सत्र, व्यक्तिगत मेंटरिंग, परीक्षा रणनीति और प्रेरणात्मक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। रिम्स के मेधावी एमबीबीएस छात्र भी मेंटर के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। वे विषयों की बेहतर समझ विकसित करने, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास बढ़ाने और परीक्षा की तैयारी को प्रभावी बनाने में सहयोग करेंगे।
वंचित विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर
रिम्स निदेशक डॉ राज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहल सामाजिक सरोकार और शिक्षा में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए। रिम्स की ओर से सामाजिक हित में किया जा रहा यह प्रयास देशभर में अपनी तरह की एक अनूठी पहल है, जो प्रतिभाशाली लेकिन संसाधनों से वंचित विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।
प्रश्नोत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


