Ranchi News: रिम्स डॉक्टर्स कॉलोनी में बनाई गई बाउंड्री असामाजिक तत्वों ने तोड़ी
Ranchi News: रांची के रिम्स डॉक्टर्स कॉलोनी में हिल व्यू अस्पताल के पास असामाजिक तत्वों ने कई जगहों पर बाउंड्री तोड़ दी है और निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई है। चिकित्सकों के मुताबिक, पिछले सात दिनों में दो घरों में चोरी हुई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद रिम्स प्रबंधन बाउंड्री बनवा रहा है और इस मामले में थाने में आवेदन दिया गया है। डॉक्टरों ने निर्माण जल्द पूरा करने और टूटे हिस्सों की मरम्मत की मांग की है।

Ranchi News: रांची, वरीय संवाददाता। रिम्स डॉक्टर्स कॉलोनी में हिल व्यू अस्पताल के पास असामाजिक तत्वों ने बाउंड्री तोड़ दी है। चिकित्सकों के अनुसार, कॉलोनी में दो से तीन जगहों पर चहारदीवारी तोड़ी गई है। दो-तीन अन्य जगहों पर बाउंड्री निर्माण का काम नहीं होने दिया जा रहा है। इससे कॉलोनी की सुरक्षा को लेकर चिकित्सकों की चिंता बढ़ गई है। चिकित्सकों का कहना है कि पिछले सात दिनों में कॉलोनी के दो घरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद रिम्स प्रबंधन की ओर से डॉक्टर्स कॉलोनी की सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण कराया जा रहा है। अभी भी कई हिस्सों में निर्माण कार्य जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक, कुछ जगहों पर बाउंड्री टूटने और कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य बाधित होने के कारण कॉलोनी के कई हिस्से असुरक्षित हैं। इन जगहों से बाहरी लोगों का आना-जाना आसान हो गया है। इससे चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
बाउंड्री टूटने से सुरक्षा की चिंता
रिम्स प्रबंधन ने थाने में दिया आवेदन
चिकित्सकों ने बताया कि बाउंड्री तोड़े जाने और निर्माण कार्य में बाधा की जानकारी रिम्स प्रबंधन को दी गई है। इस मामले में प्रबंधन की ओर से थाने में आवेदन भी दिया गया है। डॉक्टरों ने कॉलोनी की चहारदीवारी का निर्माण जल्द पूरा कराने और तोड़े गए हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है।

